आईजीआरएस शिकायत निस्तारण के नाम पर वसूली करने वाला शातिर गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। थाना बुढ़ाना पुलिस ने आईजीआरएस शिकायत के निस्तारण के नाम पर आवेदक से पैसे मांगने और धमकी देने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल वह ठगी के लिए करता था।

पुलिस के अनुसार कस्बा बुढ़ाना निवासी राहुल ने अपनी भूमि से संबंधित शिकायत सीएम पोर्टल (आईजीआरएस) पर दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के निस्तारण के लिए जितेन्द्र नामक व्यक्ति ने स्वयं को संबंधित विभाग का अधिकारी बताते हुए फोन किया और ‘चाय-पानी’ के नाम पर पैसे मांगे। इस बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़ित ने 13 दिसंबर को थाना बुढ़ाना में लिखित तहरीर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बुढ़ाना पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 14 दिसंबर को खतौली तिराहे के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जितेन्द्र उर्फ जानेश पुत्र रामअवतार निवासी मुकर्रवपुर, थाना हजरतनगर, जनपद सम्भल (उम्र 28 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह गूगल के माध्यम से जनसेवा केंद्रों के नंबर तलाश कर खुद को एनआईसी या सीएम पोर्टल से जुड़ा अधिकारी बताता था और शिकायतकर्ताओं से पैसे वसूलता था। उसने यह भी बताया कि उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह हाल ही में जेल से छूटकर आया था।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त पर धोखाधड़ी, आईटी एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। यह व्यक्ति इसी तरह के मामलों मंे पहले भी सात बार जेल जा चुका है। पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्यवाही में बुढ़ाना कोतवाली प्रभारी सुभाष अत्री, रामअवतार सिंह, गजेन्द्र सिंह, सुनील , संजय, नकुल, सतेन्द्र सिंह आदि पुलिस कर्मी शामिल रहे ।

पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि किसी भी शिकायत के निस्तारण के नाम पर पैसे मांगने वालों से सावधान रहें और ऐसी किसी भी सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights