नीरज प्रजापति

नियमित योग से मजबूत होगी रोग प्रतिरोधक क्षमता, पिनना में योग साधकों को कराए विभिन्न आसन और प्राणायाम

मुजफ्फरनगर। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच नजला-जुकाम, बुखार और वायरल जैसी मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है। ऐसे में नियमित योग अभ्यास शरीर को स्वस्थ रखने और रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है। यह बात भारतीय योग संस्थान के जिला प्रधान एवं प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने निशुल्क योग साधना केंद्र बालिका इंटर कॉलेज पिनना में आयोजित योग सत्र के दौरान कही। योग साधना की शुरुआत केंद्र प्रमुख प्रदीप कुमार मलिक ने ओम ध्वनि और गायत्री मंत्र के साथ कराई। इसके बाद साधकों को हाथ-पैरों के दर्द से राहत दिलाने वाली विभिन्न सूक्ष्म क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने घुटनों के दर्द, कमर दर्द और पेट की अतिरिक्त चर्बी कम करने में सहायक विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। इस दौरान जिला मंत्री राजीव रघुवंशी ने साधकों को अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया। योगाभ्यास के दौरान साधकों को नियमित दिनचर्या अपनाने और योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने कहा कि मौसम परिवर्तन के दौरान वायरल फीवर, नजला-जुकाम, उल्टी और अन्य मौसमी संक्रमण तेजी से फैल सकते हैं। ऐसे समय में शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत रखना बेहद जरूरी है। नियमित योग और प्राणायाम से शरीर को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है और व्यक्ति की रोगों से लड़ने की क्षमता बेहतर हो सकती है। उन्होंने लोगों से सुबह उठकर गुनगुना पानी पीने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने पारंपरिक घरेलू पेय के रूप में गिलोय, तुलसी, लौंग, काली मिर्च, बड़ी इलायची और मुनक्का से तैयार काढ़े का उल्लेख भी किया। हालांकि किसी भी बीमारी या बुखार की स्थिति में चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। उन्होंने संक्रमण से बचाव के लिए साफ-सफाई रखने और आवश्यकता के अनुसार मास्क का प्रयोग करने पर भी जोर दिया।
योग सत्र में अनंगपाल, चौधरी देवेंद्र मलिक, ओम मलिक, नमन, प्रवीण मलिक समेत अनेक योग साधक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights