नई दिल्ली, 10 अक्टूबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई का दौरा करेंगे और इस दौरान 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं में मेट्रो रेल, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे, बंदरगाह, पेट्रोलियम और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार मोदी इस दौरान चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के पूनमल्ली-वडापलानी खंड का उद्घाटन करेंगे। करीब 4,900 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस खंड में 3.7 किलोमीटर लंबा डबल डेकर ढांचा भी शामिल है। इसमें चालक रहित परिचालन के अनुकूल आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली लगाई गई है। इस खंड के शुरू होने से चेन्नई के पश्चिमी उपनगरों और शहर के मध्य हिस्से के बीच संपर्क बेहतर होगा तथा यात्रियों के यात्रा समय में कमी आने की उम्मीद है।
मोदी तमिलनाडु में करीब 3,700 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग-744 के वडुगापट्टी-थेरकुवेंगनल्लूर खंड का 36 किलोमीटर लंबा चार लेन वाला हिस्सा और मदुरै रिंग रोड का 30 किलोमीटर लंबा चार लेन वाला हिस्सा शामिल है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-83 के नागपट्टिनम-तंजावुर खंड पर तिरुवरूर बाईपास की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं से यातायात सुगम होने, भीड़भाड़ कम करने और क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री 750 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे अवसंरचना परियोजनाएं भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें कराईकल-पेरलम रेल लाइन और कोयंबटूर तथा आसपास के क्षेत्रों में तीन रेल फ्लाईओवर शामिल हैं। इसके अलावा पलानी, वेल्लोर कैंटोनमेंट, अंबासमुद्रम, परमकुडी और नमक्कल में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित पांच रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं से रेल संपर्क मजबूत होने और रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम तथा प्रतीक्षा समय में कमी आने की उम्मीद है।
बंदरगाह क्षेत्र में प्रधानमंत्री चेन्नई बंदरगाह, कामराजर बंदरगाह और वीओ चिदंबरनार बंदरगाह से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और कुछ की आधारशिला रखेंगे। चेन्नई बंदरगाह पर पक्का भंडारण क्षेत्र, चार आयात-निर्यात गोदाम, उन्नत क्रूज टर्मिनल और नाविक क्लब का उद्घाटन किया जाएगा। वीओ चिदंबरनार बंदरगाह पर आठ प्रमुख विकास परियोजनाओं से माल और कंटेनर प्रबंधन क्षमता बढ़ाने तथा रसद व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। कामराजर बंदरगाह पर कोल बर्थ-3 परियोजना का उद्घाटन और कंटेनर टर्मिनल के पहले चरण के दूसरे हिस्से के लिए पूंजीगत ड्रेजिंग कार्य की आधारशिला रखी जाएगी।
मोदी चेन्नई पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड की मौजूदा मनाली रिफाइनरी में लुब्रिकेंट बेस ऑयल उत्पादन परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। करीब 1,620 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना की उत्पादन क्षमता 2.70 लाख मीट्रिक टन प्रतिवर्ष होगी। इसके तहत भारत में उच्च गुणवत्ता वाले स्नेहक बनाने के लिए ग्रुप-2 और ग्रुप-3 श्रेणी के लुब्रिकेंट बेस ऑयल का उत्पादन किया जाएगा।
प्रधानमंत्री भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास में सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वह इस केंद्र के वैश्विक वैज्ञानिक अभियान की भी शुरुआत करेंगे, जिसके तहत भ्रूण अवस्था से वृद्धावस्था तक मानव जीवन के विभिन्न चरणों में 100 से अधिक मानव मस्तिष्कों के कोशिका-स्तरीय त्रि-आयामी एटलस तैयार किए जाएंगे। इस अवसर पर ‘सी-स्ट्रोक’ नामक मानव मस्तिष्क के इस्केमिक स्ट्रोक का एटलस भी जारी किया जाएगा। इसमें स्ट्रोक से प्रभावित मस्तिष्क के एक हजार से अधिक चिह्नित सूक्ष्म खंड शामिल हैं, जिनसे शोधकर्ताओं को उपचार के नए लक्ष्य तलाशने में मदद मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री चेन्नई में जयगोपाल गरोड़िया हिंदू विद्यालय मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में भी शामिल होंगे और सभा को संबोधित करेंगे। यह समारोह संस्थान के शिक्षा के क्षेत्र में पांच दशक के योगदान को चिह्नित करेगा।
इससे पहले मोदी सुबह करीब 11:30 बजे पूनमल्ली बाईपास स्टेशन से पूनमल्ली बाईपास स्टेशन तक मेट्रो रेल से यात्रा करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 12:15 बजे चेन्नई के जालकंडेश्वरर मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे तथा आईआईटी मद्रास के ब्रेन सेंटर का भ्रमण करेंगे। दोपहर करीब 1:30 बजे विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वह अपराह्न तीन बजे विद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे।
