जोनी शर्मा
60 प्रतिभाओं को मिला ब्राह्मण महासभा का सम्मानखतौली। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा की ओर से रविवार को मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक एवं परास्नातक स्तर पर प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 60 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों का उत्साहवर्धन किया गया। इसके साथ ही यूपी स्तर की खेल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले एक खिलाड़ी को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि पंडित सतीश चंद्र शर्मा एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष पंडित नरेश कुमार पालिवाल मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन अध्यक्ष केपी शर्मा ने की, जबकि संचालन महामंत्री मुकेश शर्मा ने किया।
अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि प्रतिभाओं का समय-समय पर सम्मान करने से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि किसी विद्यार्थी की सफलता केवल उसके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गौरव का विषय होती है।
कार्यक्रम संयोजक माणिक शर्मा ने कहा कि महासभा की ओर से प्रत्येक वर्ष मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाता है। इसका उद्देश्य प्रतिभावान बच्चों का उत्साह बढ़ाना और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
अतिथियों ने कहा कि समाज के बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने के अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। समारोह में सम्मानित विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों में भी खासा उत्साह नजर आया।
इस अवसर पर धर्मेंद्र शर्मा, दिनेश शर्मा, जय भगवान कौशिक, नीरज शर्मा, वीरेंद्र शर्मा, प्रवीण शर्मा, पंडित अनुपम गौड़, विनोद शर्मा, प्रदीप शर्मा, अनुज भारद्वाज, आदित्य शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, विश्वनाथ शर्मा, डॉ. चंद्र मोहन शर्मा, विश्व शर्मा, प्रशांत पंडित सहित महासभा के पदाधिकारी एवं समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।
यूजीसी के विरोध में स्वर्ण समाज के प्रदर्शन को समर्थन
कार्यक्रम के दौरान महासभा के महामंत्री मुकेश शर्मा ने यूजीसी के विरोध में स्वर्ण समाज की ओर से किए जा रहे विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में आने वाली पीढ़ी के हितों को ध्यान में रखा जा रहा है। महासभा ने स्वर्ण समाज के इस आंदोलन के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद करने की बात कही।
