नीरज प्रजापति
पुल के पास तीस फुट गहरे गड्ढे में गिरी थी कार, मची चीख पुकार
छपार। पानीपत खटीमा राजमार्ग पर रामपुर तिराहे के पुल के पास एक स्कॉर्पियो एन कार पलट गई। जिससे कार में सवार पांच लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। हरियाणा के सोनीपत जनपद के नांगल थाना क्षेत्र के निवासी कुछ लोग कार में सवार होकर निकले थे रामपुर तिराहे के पास हाईवे के पुल पर आगे चल कर उक्त कार सांय छः बजे के लगभग पलट गई।
जिससे चीख पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची घायलों को निकालने में पुलिस कर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। मिली जानकारी के अनुसार नीर पुत्र महावीर, रोहताश पुत्र रामकरण, मोंटी, देवेन्द्र, रोहित स्कॉर्पियो कार में सवार होकर हरियाणा से हरिद्वार जा रहे थे। रामपुर तिराहे पुल के पास तेजी से चल रही कार 30 फुट गहरे गड्ढे में जा गिरी। जिससे उक्त सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर रामपुर तिराहा पुलिस चौकी इंचार्ज सुभाष चंद्र, हेड कांस्टेबल गौरव कुमार समेत पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को बमुश्किल कार से निकाल जिला अस्पताल को इलाज हेतु भिजवाया गया। जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। चौकी इंचार्ज सुभाष चंद्र ने बताया कि घायलों के परिजनों को सूचना भिजवाई गई है। बताते चले कि रामपुर तिराहे के पास पानीपत खटीमा राजमार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी है। कई बार कार यहां तीव्र मोड़ के चलते पलट कर गहरी खाई में गिरकर हादसों में कई लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन शासन प्रशासन इस और से गंभीर नही हो रहा है।
