man-accused-of-using-ai-to-cre

कानपुर, 01 जून । चकेरी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने देवर पर 13 वर्षीय भतीजी की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर उन्हें वायरल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सोमवार को तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, परिवार में बीते दिनों विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने उन्हें और उनकी बेटी को बदनाम करने की धमकी दी थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरोपित ने किशोरी की तस्वीर का दुरुपयोग करते हुए उसे पड़ोस के एक युवक के साथ आपत्तिजनक रूप में प्रदर्शित करने वाली तस्वीरें तैयार कीं और उन्हें विभिन्न माध्यमों से प्रसारित कर दिया।

तस्वीरें प्रसारित होने की जानकारी मिलने पर परिवार के लोगों ने पड़ताल की तो संदेह देवर पर गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के बाद किशोरी मानसिक रूप से परेशान है और परिवार को सामाजिक स्तर पर भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपित पूर्व में भी परिवार के साथ विवाद करता रहा है। उनका आरोप है कि पुरानी रंजिश निकालने के लिए उसने यह साजिश रची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि वायरल तस्वीरों, मोबाइल फोन और सोशल मीडिया खातों की तकनीकी जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights