mahatma-gandhi-shastri-jayanti-bjp-nitin-nabin-pai

नई दिल्ली, 02 अक्टूबर । महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दोनों नेताओं को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वदेशी, स्वावलंबन और स्वच्छता के विचारों को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक हैं।

नितिन नबीन ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को अपने जीवन का आधार बनाकर देशवासियों में स्वतंत्रता की चेतना जगाई। उनके स्वदेशी और स्वावलंबन के विचारों ने आत्मनिर्भर समाज की भावना को मजबूत किया। साथ ही, स्वच्छता को लेकर गांधी जी का आग्रह आज भी लोगों को अपने जीवन और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर नितिन नबीन ने उन्हें राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा और सादगीपूर्ण जीवन का आदर्श बताया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने अपने आचरण और नेतृत्व से सार्वजनिक जीवन में सेवा और कर्तव्य की नई मिसाल कायम की।

भाजपा अध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री के प्रसिद्ध नारे ‘जय जवान, जय किसान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का यह संदेश आज भी देश की सुरक्षा और किसानों के सम्मान के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।

नितिन नबीन ने दोनों नेताओं के विचारों और जीवन मूल्यों को याद करते हुए उन्हें देश और समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बताया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights