मंगलौर की फैक्ट्री के नाम पर दो खेप में स्क्रैप और स्पंज आयरन मंगाने का आरोप, भुगतान के बजाय धमकी मिलने का दावा; फैक्ट्री के मालिकाना दस्तावेज भी जांच के घेरे में
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। राजनीतिक रसूख और कारोबारी पहचान रखने वाले पूर्व विधायक शाहनवाज राणा के परिवार के सामने कानूनी मुश्किलों का एक और मोर्चा खुल गया है। 75 लाख रुपये के कथित कारोबारी लेनदेन को लेकर शाहनवाज राणा और उनके दोनों बेटों आजम शाह राणा तथा अब्दुल अहद राणा के खिलाफ नई मंडी कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि मंगलौर स्थित फैक्ट्री का मालिकाना हक बताकर कारोबारी से दो खेप में स्क्रैप और स्पंज आयरन मंगाया गया, लेकिन तय समय पर भुगतान नहीं किया गया। रकम मांगने पर धमकियां देने और फैक्ट्री से संबंधित कथित फर्जी दस्तावेज दिखाकर विश्वास हासिल करने के आरोप भी शिकायत में लगाए गए हैं। पुलिस ने पांच धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की शुरुआत सितंबर 2024 में एक विवाह समारोह में हुई मुलाकात से बताई गई है। भरतिया कॉलोनी निवासी जितेंद्र चौधरी, जो लोहे के स्क्रैप और स्पंज आयरन का कारोबार करते हैं, का आरोप है कि शाहनवाज राणा ने उन्हें मंगलौर स्थित यूपी बोन मित्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में कारोबार करने का प्रस्ताव दिया। फैक्ट्री पहुंचने पर शाहनवाज राणा के दोनों बेटे भी मौजूद थे। शिकायत के अनुसार फैक्ट्री के दस्तावेज दिखाकर नियमित माल सप्लाई करने और 20 दिन के भीतर भुगतान करने का भरोसा दिया गया। कारोबारी का दावा है कि भरोसे के आधार पर सितंबर 2024 में करीब 40 लाख रुपये का माल भेजा गया। इसके बाद नवंबर में 35 लाख रुपये की दूसरी खेप भी फैक्ट्री पहुंचाई गई। दोनों आपूर्तियों की कुल कीमत 75 लाख रुपये बताई गई है। निर्धारित भुगतान अवधि गुजरने के बाद भी रकम नहीं मिलने पर कारोबारी ने आरोपियों से संपर्क किया, लेकिन हर बार आश्वासन मिलने के बावजूद भुगतान नहीं हुआ।
शिकायत में 25 अगस्त 2025 को शाहनवाज राणा के आवास पर बेटे भीम चौधरी के साथ पहुंचकर रकम मांगने का भी उल्लेख है। आरोप है कि वहां अभद्रता और जान से मारने की धमकी दी गई। कारोबारी ने दावा किया कि बाद में उसे फैक्ट्री के वास्तविक मालिकाना हक को लेकर संदेह हुआ और कथित दस्तावेजों की सत्यता पर सवाल उठे। जितेंद्र चौधरी ने 27 जुलाई 2026 को एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 351(3) में मुकदमा दर्ज किया है। अब फैक्ट्री के स्वामित्व संबंधी कागजात, माल की आपूर्ति, प्राप्ति रिकॉर्ड, भुगतान संबंधी अभिलेख और आरोपियों की भूमिका जांच का आधार होंगे। जीएसटी टीम की कार्रवाई के विरोध में बलवे के मामले में गिरफ्तारी और जमानत तथा ईडी की कार्रवाई को लेकर पहले चर्चा में रहे शाहनवाज राणा के लिए यह नया मुकदमा एक और कानूनी चुनौती बनकर सामने आया है।
