लीजेंड 90 लीग : पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का जलवा बरकरार, बल्ले से दिखा रहे दम

रायपुर, 12 फ़रवरी (हि.स.)। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन इन दिनों शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में चल रही लीजेंड 90 लीग में अपने बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। अपने पिछले मैच में उन्होंने बिग बॉयस के खिलाफ नाबाद 50 रनों की शानदार पारी खेली। 8 फरवरी से 18 फरवरी तक चलने वाली इस लीग में धवन के अलावा लेंडल सिमंस, थिसारा परेरा, रॉस टेलर और मार्टिन गप्टिल जैसे कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेल रहे हैं।

90 गेंदों के अनूठे प्रारूप वाली यह लीग दुनिया भर के बड़े नामों को एक मंच पर ला रही है, जिससे दर्शक और खिलाड़ी दोनों रोमांचित हो रहे हैं।

धवन ने लीग को बताया रोमांचक अनुभव

दिल्ली रॉयल्स का प्रतिनिधित्व कर रहे शिखर धवन ने इस लीग का हिस्सा बनने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, “यह टूर्नामेंट रिटायर्ड खिलाड़ियों को एक बार फिर उसी रोमांच को जीने का मौका दे रहा है, जो कभी उनका हिस्सा हुआ करता था।”

लीग के आयोजन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, “मैदान, विकेट, ड्रेसिंग रूम की व्यवस्था, सबकुछ बेहतरीन है। खासतौर पर प्रशंसकों से मिल रहा प्यार देखने लायक है।”

धवन ने इस लीग के अनूठे 90 बॉल क्रिकेट प्रारूप को लेकर कहा कि यह एक अलग अनुभव है। “हमने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जबरदस्त दबाव के साथ खेला है, लेकिन यहां हम खेल पर फोकस करने के साथ ही इसे एंजॉय भी कर सकते हैं।”

लीग के डायरेक्टर शिवैन शर्मा को दी बधाई

धवन ने लीजेंड 90 लीग के डायरेक्टर शिवैन शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि, “इस तरह के टूर्नामेंट का आयोजन निश्चित तौर पर शिवैन के बेहतरीन दृष्टिकोण को दर्शाता है। लीग का क्रेज जबरदस्त है और मुझे पूरा यकीन है कि मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह इसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिलेगा।”

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights