भोपा थाने में खड़ी स्कॉर्पियो-एन की रिहाई के आदेश के बाद भी मालिक को नहीं मिली गाड़ी, 10 लाख के मुचलके और शर्तों पर कोर्ट ने दी रिलीज की अनुमति, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल।

भोपा विकास कर्णवाल/कृष कर्णवाल। कानून के रखवाले जब अदालत के आदेशों पर अमल करने में देरी करें तो सवाल उठना लाजिमी है। भोपा थाने में मुकदमे के तहत खड़ी एक स्कॉर्पियो-N को न्यायालय से रिलीज करने का आदेश मिलने के बावजूद वाहन मालिक को अपनी गाड़ी नहीं मिल पा रही है। मामला अब पुलिस की कार्यप्रणाली और अदालती आदेश के अनुपालन को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, भोपा थाना पुलिस ने 16 नवंबर 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 290/2026, धारा 3/4/5/25/35 ए एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए तीन गाड़ियां बरामद की थीं। बताया जा रहा है कि ये गाड़ियां देहरादून से सेल्फ डिफेंस के नाम पर किराये पर लेकर आई गई थीं और इनके साथ हथियार भी बरामद हुए थे। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया था। बरामद वाहनों में हरियाणा नंबर HR30AE6839 की नई स्कॉर्पियो-N भी शामिल है। वाहन के पंजीकृत स्वामी जगवीर सिंह ने अपर सिविल जज (जू०डि०)/न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोर्ट संख्या-1 मुजफ्फरनगर में वाहन रिलीज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। 23 नवंबर 2026 को न्यायालय ने निर्धारित शर्तों के साथ वाहन रिलीज करने की अनुमति प्रदान कर दी। आदेश में 10 लाख रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र, समान धनराशि की प्रतिभूति और मुकदमे के दौरान वाहन नहीं बेचने अथवा उसके स्वरूप में बदलाव नहीं करने जैसी शर्तें रखी गई हैं। न्यायालय ने भोपा थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि पंजीयन प्रमाणपत्र से वाहन के चेसिस और इंजन नंबर का मिलान करने के बाद पंजीकृत स्वामी के पक्ष में वाहन रिलीज किया जाए।
इसके बावजूद वाहन मालिक को गाड़ी नहीं मिल पाने का मामला सवाल खड़े कर रहा है। वाहन में जीपीआरएस लगे होने की बात भी सामने आई है। अब सवाल यह है कि जब न्यायालय ने शर्तों के साथ रिहाई की अनुमति दे दी है तो वाहन की सुपुर्दगी में देरी क्यों हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights