मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने सर्वप्रथम अपने आवास तथा तत्पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान हुआ और सभी ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ तथा देशभक्ति प्रस्तुतियों से पूरा सभागार देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो उठा। इस अवसर पर जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 अगस्त हमारे लिए केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों, अमर शहीदों और देशभक्तों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का राष्ट्रीय पर्व है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र और लोकतांत्रिक भारत में जीवन व्यतीत कर रहे हैं, वह उनके संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास को जानना और समझना प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है, क्योंकि इतिहास हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का बोध कराता है। जिलाधिकारी ने कहा कि देश सर्वप्रथम है और राष्ट्रहित से बढ़कर कुछ नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति के मन में देशभक्ति की भावना होनी चाहिए तथा अपने व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित और जनहित को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं एवं नीतियों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाना ही अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से जनभावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ‘फर्स्ट ऑफ प्रायोरिटी’ के आधार पर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा देश और प्रदेश के विकास के लिए जो संकल्प एवं लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, उन्हें धरातल पर उतारने के लिए सभी को अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों के प्रति प्रतिबद्ध होकर कार्य करना चाहिए। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में विभिन्न देशभक्ति प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों एवं प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध और देशभक्ति की भावना मजबूत होती है। अंत में उन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संतोष बहादुर सिंह ने अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को विधि एवं कानून का पालन करते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी और अनुशासन के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी के वर्तमान दौर में किसी भी सूचना की प्रमाणिकता एवं स्रोत की जांच के बाद ही उस पर विश्वास करने और अमल करने पर जोर दिया।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री सलिल कुमार पटेल ने कहा कि राष्ट्रहित को व्यक्तिगत हित से सदैव ऊपर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की सेवा में अपना योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति को स्मरण करना और उनके योगदान से प्रेरणा लेना स्वतंत्रता दिवस की सार्थकता है। उन्होंने सभी से टीम भावना के साथ जनहित में कार्य करने का आह्वान किया। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राम आसरे वर्मा ने कहा कि प्रशासन एवं न्याय व्यवस्था का उद्देश्य आम नागरिक को समयबद्ध, सुलभ एवं निष्पक्ष न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने नियम-कानून के दायरे में रहते हुए प्रत्येक पीड़ित एवं जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करने पर बल दिया।
समारोह का संचालन श्री प्रताप बाबू एवं श्री कुलदीप कुमार द्वारा किया गया। इस दौरान श्री कुलदीप कुमार ने ‘आजाद हुआ आज के दिन देश हमारा’ देशभक्ति गीत, श्री संजय शर्मा ने देशभक्ति विचार, अजब शावरी कव्वाल ने तबला वादन के साथ कव्वाली एवं गजल, नेत्रहीन विद्यालय संस्थान से श्री पवन कुमार ने दो देशभक्ति कविताएं, शौर्य ने ‘आजादी का जश्न मनाएं’ गीत, शिवम ने ‘देश की माटी’ गीत, केशव ने देशभक्ति एवं जोश-जुनून से ओत-प्रोत प्रस्तुति तथा सक्षम ने देश के प्रति कर्तव्यबोध पर आधारित प्रस्तुति दी। सभी प्रस्तुतियों को उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सराहा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रस्तुतियां देने वाले प्रतिभागियों को जिलाधिकारी श्री अरविन्द कुमार चौहान द्वारा पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री सलिल कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राम आसरे वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती रश्मि, मुख्य कोषाधिकारी श्री सूरज कुमार, जिला सूचना अधिकारी श्री दिलीप कुमार गुप्ता सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी, पटल प्रभारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनपद के सभी सरकारी अथवा अर्द्ध सरकारी कार्यालयों सहित मंडलीय सूचना कार्यालय में भी हुआ ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडलीय सूचना कार्यालय, सहारनपुर के प्रांगण में जिला सूचना अधिकारी श्री दिलीप कुमार गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस अवसर पर कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान हुआ तथा सभी ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। जिला सूचना अधिकारी ने सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रहित एवं जनहित में पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
