नीरज प्रजापति

हल्की हवाओं के साथ मौसम हुआ सुहाना, उमस और गर्मी से मिली राहत; बारिश की उम्मीद से किसानों के चेहरों पर भी दिखी चमक

मुजफ्फरनगर। गुरुवार को सुबह से ही कभी धूप तो कभी काले बादल का सिलसिला जारी रहा, मगर दोपहर करीब 12 बजे आसमान में अचानक काले बादलों ने डेरा डाल लिया। घने बादलों के बीच चल रही हल्की ठंडी हवाओं और आसमान से गिरी चंद बूंदों ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को मौसम में आए इस बदलाव से राहत महसूस हुई। देखते ही देखते आसमान पर बादलों की चादर छा गई और वातावरण सुहाना हो गया।
सुबह के समय धूप और उमस के बीच अचानक काले बादलों के घिर आने से लोगों को अच्छी बारिश की उम्मीद जगी। हल्की हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू होते ही सड़क पर आवाजाही कर रहे लोगों ने भी राहत की सांस ली। मौसम के बदले मिजाज ने शहर की गर्मी को कुछ हद तक शांत कर दिया। हालांकि चंद बूंदों के बाद बारिश थम गई, लेकिन आसमान में छाए बादलों के कारण दिनभर बारिश की उम्मीद बनी रही।
मौसम में आए इस बदलाव का असर बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भी देखने को मिला। गर्मी से परेशान लोग खुले आसमान के नीचे सुहाने मौसम का आनंद लेते नजर आए। वहीं किसानों के लिए भी बादलों का घिरना राहत की खबर लेकर आया। खेतों में खड़ी फसलों को बारिश की जरूरत है और किसानों को उम्मीद है कि बादल जल्द ही जमकर बरसेंगे।
शहरवासियों का कहना है कि यदि अच्छी बारिश होती है तो उमस और गर्मी से काफी राहत मिलेगी। फिलहाल काले बादलों और ठंडी हवाओं ने मुजफ्फरनगर के मौसम को सुहाना बना दिया है और हर किसी की नजर अब आसमान पर टिकी है कि ये बादल केवल बूंदाबांदी तक सीमित रहते हैं या फिर झमाझम बारिश का रूप लेते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights