करीब एक हजार श्रद्धालुओं ने उठाया निशान, मुख्य मार्गों से गूंजे जयकारे, रात आठ बजे एकादशी संकीर्तन में भजनों से सजेगी भक्ति की महफिल।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। धर्म, आस्था और भक्ति के अद्भुत संगम के बीच शुक्रवार सुबह मुजफ्फरनगर की सड़कों पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। शिव चौक से निकली भव्य निशान यात्रा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। हाथों में पवित्र निशान लिए श्रद्धालु जब शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे तो जयकारों और भक्ति भाव से माहौल आध्यात्मिक रंग में सराबोर हो गया। सुबह नौ बजे शिव चौक से विधिवत प्रारंभ हुई निशान यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। यात्रा के दौरान भक्ति, अनुशासन और धार्मिक उत्साह का विशेष नजारा देखने को मिला। शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए निशान यात्रा मंदिर प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में लगभग एक हजार श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि निशान यात्रा में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए धर्म और आस्था के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। यात्रा के दौरान भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। धार्मिक आयोजन ने शहर में आध्यात्मिक वातावरण पैदा कर दिया और श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन नजर आए। उन्होंने बताया कि धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज रात आठ बजे एकादशी संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। संकीर्तन में भजन प्रवाहक विमल दीक्षित, हरिगढ़ सहित स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभु भक्ति का रस प्रवाहित करेंगे। भजनों की मधुर धुनों और संकीर्तन के बीच श्रद्धालु प्रभु के गुणगान में लीन होंगे। निशान यात्रा के साथ शुरू हुआ भक्ति उत्सव अब शाम के संकीर्तन में और आध्यात्मिक ऊंचाइयों को छूने की तैयारी में है। श्रद्धालुओं को भक्ति, प्रेम और प्रभु स्मरण से ओतप्रोत संध्या का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights