कश्मीर में भीषण ठंड पड़ रही है क्योंकि अधिकांश स्थानों पर रात का तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे चला गया है। हालांकि, श्रीनगर समेत कई जगहों पर रात का तापमान उम्मीद से ज्यादा गर्म दर्ज किया गया। शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के 0.1 डिग्री सैल्सियस से कम था। रात का तापमान मौसम के सामान्य तापमान से 0.3 डिग्री सैल्सियस अधिक था। अधिकारियों ने बताया कि मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले का सोनमर्ग जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 11.2 डिग्री सैल्सियस कम दर्ज किया गया, जो पिछली रात के तापमान से कम रहा। गत रात्रि तापमान शून्य से 9.8 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

 उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में स्थित प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 9 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिणी कश्मीर में स्थित पहलगाम पर्यटक रिसॉर्ट, जो वार्षिक अमरनाथ यात्रा का एक आधार शिविर भी है, में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.5 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री पर पहुंच गया, जबकि कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सैल्सियस कम और कुपवाड़ा में शून्य से 3.5 डिग्री सैल्सियस कम दर्ज किया गया।

आज समाप्त हो जाएगा ‘चिल्ला-ए-कलां’

‘चिल्ला-ए-कलां’, जो 40 दिन की अत्यधिक ठंड की अवधि होती है, अब समाप्त होने वाली है, जिसके दौरान रात का तापमान अक्सर हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे गिर जाता है, और बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है। पिछले साल 21 दिसम्बर को शुरू हुआ ‘चिल्ला-ए-कलां’ 30 जनवरी को समाप्त होगा। हालांकि, इसके बाद भी ठंड का दौर जारी रहेगा। ‘चिल्ला-ए-कलां’ के बाद 20 दिन का ‘चिल्लई खुर्द’ (हल्की सर्दी) और 10 दिन का ‘चिल्लई बच्चा’ (मामूली सर्दी) आएगा। मौसम विभाग ने कहा है कि 31 जनवरी तक मौसम बादल छाए रहने के साथ-साथ शुष्क रहेगा। विभाग ने कहा है कि एक फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ इस क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे एक बार फिर बारिश का दौर आ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights