मीटर की केबल में कट लगाकर चल रहा था अवैध बिजली का खेल, 21 किलोवाट की चोरी उजागर, एंटी पावर थेफ्ट थाने तक पहुंचा मामला।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। शहर में बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ विद्युत विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खालापार और किदवईनगर क्षेत्र में छापेमारी की। विभागीय टीम ने जांच के दौरान नौ उपभोक्ताओं को मीटर की केबल में कट लगाकर सीधे बिजली चोरी करते हुए पकड़ लिया। इन सभी के यहां करीब 21 किलोवाट का अवैध विद्युत भार पाया गया। विभाग ने किसी को राहत दिए बिना सभी नौ उपभोक्ताओं के खिलाफ एंटी पावर थेफ्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी है। इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण नगरीय खंड वाणिज्य -2 कुलदीप सिंह ने बताया कि बुधवार को मुख्य अभियंता (वितरण) विनोद कुमार, अधीक्षण अभियंता विद्युत नगरीय वितरण मंडल सुधीर कुमार अग्रवाल और अधिशासी अभियंता कुलदीप सिंह के निर्देशन में बिजली विभाग की विशेष टीम ने अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सुजडू से जुड़े चिन्हित हाईलॉस फीडर शामली रोड के अंतर्गत की गई। इस फीडर पर लाइन लॉस 47 प्रतिशत तक पहुंचने के कारण विभाग की निगाहें लंबे समय से इस क्षेत्र पर थीं। अधिशासी अभियंता विद्युत नगरीय वितरण खंड वाणिज्य-2 कुलदीप सिंह ने बताया कि सहायक अभियंता (रेड) अक्षय कुमार सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता दिलीप यादव और अखिलेश कुमार सरोज की टीम ने किदवईनगर तथा खालापार इलाके में घर-घर जाकर विद्युत कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान कई उपभोक्ताओं द्वारा बिजली के मीटर की केबल में कट लगाकर अवैध तरीके से विद्युत का उपयोग किए जाने का खुलासा हुआ। जांच में कुल नौ उपभोक्ता बिजली चोरी करते पाए गए। इन सभी के यहां लगभग 21 किलोवाट का विद्युत भार चोरी से संचालित होता मिला। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही चोरी से संबंधित साक्ष्य जुटाए और नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी। पकड़े गए सभी नौ मामलों में विद्युत अधिनियम – 2003 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए एंटी पावर थेफ्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
विद्युत चोरी की घटनाओं के खुलासे के बाद अधिशासी अभियंता विद्युत नगरीय वितरण खंड वाणिज्य-2 कुलदीप सिंह ने साफ संकेत दे दिया है कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ अब सख्ती और बढ़ाई जाएगी। खासतौर पर उन फीडरों को चिह्नित किया जा रहा है, जहां लाइन लॉस अधिक है और बिजली की खपत तथा राजस्व वसूली में बड़ा अंतर सामने आ रहा है। वही सोशल मीडिया के माध्यम से अधिशासी अभियंता कुलदीप सिंह ने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली का उपयोग केवल वैध और अधिकृत कनेक्शन के माध्यम से ही करें। मीटर से छेड़छाड़ अथवा अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल दंडनीय अपराध है।
