नीरज प्रजापति

पेपर मिलों, टायर जलाने वाले कारखानों और औद्योगिक इकाइयों पर गंभीर आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी।

मुजफ्फरनगर। जनपद में बढ़ते वायु और जल प्रदूषण का मुद्दा गरमा गया है। औद्योगिक इकाइयों से फैल रहे प्रदूषण पर कार्रवाई की मांग को लेकर क्रांतिसेना के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नई मंडी स्थित प्रदूषण नियंत्रण कार्यालय का घेराव कर विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। मंडल अध्यक्ष शरद कपूर और क्रांतिसेना नेता उज्ज्वल पंडित के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर प्रभावी कार्रवाई के बजाय विभागीय स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है।
क्रांतिसेना नेताओं ने आरोप लगाया कि भोपा रोड और जानसठ रोड क्षेत्र की कुछ पेपर मिलों में बाहरी राज्यों से लाए जाने वाले कूड़े-कचरे और मृत पशुओं से संबंधित अपशिष्ट को जलाया जा रहा है। इससे निकलने वाला धुआं आसपास के गांवों तक पहुंच रहा है। कार्यकर्ताओं का दावा है कि प्रदूषित धुएं के कारण ग्रामीणों के घरों की छतों पर सूखने वाले कपड़े तक काले पड़ रहे हैं, जबकि क्षेत्र के अनेक लोग बीमारियों से परेशान हैं।
प्रदर्शनकारियों ने बेगराजपुर क्षेत्र में संचालित मैगमा रवि ऑर्गेनिक्स और चक्रधर स्टील सहित कुछ औद्योगिक इकाइयों पर भी पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए। उनका कहना था कि क्षेत्र में भूजल की गुणवत्ता प्रभावित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर पुराने टायर जलाकर काला तेल निकालने वाले कथित अवैध कारखानों को भी प्रदूषण का बड़ा कारण बताया गया।

नियमों की अनदेखी पर जिम्मेदार कौन

क्रांतिसेना कार्यकर्ताओं ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदूषण रोकने और नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी संभालने वाला विभाग यदि प्रभावी निगरानी नहीं करेगा, तो आम लोगों को स्वच्छ हवा और सुरक्षित पानी कैसे मिलेगा? उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ इकाइयों के खिलाफ सीलिंग जैसी कार्रवाई होने के बावजूद वे दोबारा संचालन शुरू कर देती हैं।

संगठन ने इन आरोपों की जांच और नियमित निगरानी की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय अधिकारी हितेश चंद्रा को ज्ञापन सौंपकर प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भोपा रोड और जानसठ रोड क्षेत्र में कूड़ा-कचरा जलाने वाली इकाइयों, बेगराजपुर की औद्योगिक कंपनियों तथा टायर जलाकर तेल निकालने वाले कथित अवैध कारखानों के खिलाफ प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो क्रांतिसेना विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन शुरू करेगी। इस दौरान सोनू साहिवाल, राजेंद्र तायल, प्रदीप जैन, अमित मित्तल, अरविंद शर्मा, अरविंद कौशिक, निकुंज चौहान, प्रभात रावत, राकेश धीमान, तुषार कुमार, राजन वर्मा, विशाल कुमार, रोहित शर्मा, सुनील विशाल, सनी वर्मा, बबलू ठाकुर, मोनू और अमित कुमार सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights