imd-rain-mansoon-ind

नई दिल्ली, 05 सितंबर । देशभर के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले 5-6 दिनों के दौरान भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं दिल्ली-एनसीआर में रविवार को भी कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक रविवार को दिल्ली का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमशः 31-33 डिग्री सेल्सियस और 22-24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। बारिश का दौर सोमवार को भी जारी रहने का अनुमान है। मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दिन यहां का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33-35 डिग्री सेल्सियस और 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में आज तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे अधिकतर इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। इसके अलावा बारिश के कारण जलभराव होने के कारण आवागमन करने वालों को भारी जाम की सामना करना पड़ा।

आईएमडी के मुताबिक अगले 6-7 दिनों तक प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधि कम रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम क्षेत्रों में 4-5 दिनों के दौरान भारी बारिश होने के आसार हैं। मध्य भारत के 6 सितंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश में और 5-8 सितंबर के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।

पूर्वी भारत में 6-8 सितंबर के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में, 6 सितंबर एवं 8-9 सितंबर के दौरान गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में, 9 सितंबर को झारखंड में, 6-8 सितंबर के दौरान बिहार में और 9-10 सितंबर के दौरान ओडिशा में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत के अगले 6-7 दिनों के दौरान कहीं-कहीं भारी वर्षा का अनुमान है। पश्चिमी भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, केरल, माहे, उत्तरी अंदरूनी कर्नाटक, रायलसीमा, दक्षिणी अंदरूनी कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में कहीं-कहीं या कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। लक्षद्वीप में 6 से 8 सितंबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है। इस बीच सभी क्षेत्रों में तूफानी हवाएं भी चल सकती हैं।

पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में 12-20 सेमी, दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, नगालैंड और तमिलनाडु में 7-11 सेमी भारी बारिश दर्ज की गई।

———–

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights