हमीरपुर 7 मई ( हि, स,)! उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र में यमुना नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। बुधवार शाम हुए इस हादसे में महिला और बच्चों समेत 10 लोग नाव में सवार थे। नाविक ने तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन एक महिला और पांच बच्चे नदी में लापता हो गए। गुरुवार सुबह शुरू हुए रेस्क्यू अभियान में तीन शव बरामद किए गए, जबकि तीन बच्चे अब भी लापता हैं।
यह हादसा कुरारा थाना क्षेत्र की भौली ग्राम पंचायत के मजरा कुतुबपुर पटिया गांव में हुआ। गांव निवासी देशराज निषाद की बेटी की शादी 5 मई को थी। शादी समारोह में शामिल होने आए रिश्तेदार बुधवार शाम विदाई के बाद नाव से यमुना नदी पार कर खेतों पर खरबूजा और ककड़ी तोड़ने गए थे। लौटते समय बीच मझधार में नाव अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
नाव में महिला-बच्चों समेत कुल 10 लोग सवार थे। नाविक धीरू ने नदी में छलांग लगाकर विष्णु, रिंकू और पारुल को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन आकांक्षा (9), रानी (13), अर्चना (14), ब्रजरानी (25), लभ्यांश (5), गोरेलाल (6) और आदित्य (11) नदी में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन,एसडीआरएफ,एनडीआरएफ और जल पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन तेज आंधी और बारिश के कारण रात करीब 11 बजे अभियान रोकना पड़ा।
गुरुवार सुबह 6 बजे दोबारा रेस्क्यू शुरू किया गया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के करीब 50 जवानों समेत 100 से अधिक लोग 10 नावों के जरिए नदी में उतरे। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 9 से 10 बजे के बीच ब्रजरानी (25), अर्चना (14) और रानी (13) के शव बरामद कर लिए गए। वहीं लभ्यांश, गोरेलाल और आदित्य की तलाश जारी है।
घटनास्थल पर लापता बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरी रात परिवार के लोग नदी किनारे डेरा डाले रहे। बच्चों की मां अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर अपने बच्चों को खोजने की गुहार लगाती रही।
नाविक धीरू ने बताया कि सभी लोग उसकी बहन की शादी में शामिल होने आए थे। नदी पार खेतों पर खरबूजा खाने गए थे। लौटते समय अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तेजी से राहत और बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि लापता लोगों की तलाश में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की
