जालौन में भव्य तिरंगा यात्रा: भारतीय सेना के पराक्रम का सम्मान

जालौन, 19 मई (हि.स.)। जालौन जिले के कोंच नगर में सोमवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें भारी संख्या में स्कूली बच्चे, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। यह यात्रा भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकियों पर की गई सफल कार्रवाई के समर्थन और सेना के अद्वितीय पराक्रम को सम्मान देने के उद्देश्य से निकाली गई थी।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत कोंच के मंडी परिसर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर से हुई, जो नगर के प्रमुख स्थानों – मारकंडेश्वर, रेलवे फाटक, सागर तालाब, चंद कुआं, स्टेट बैंक, तहसील चौराहा होते हुए सरोजिनी नायडू पार्क में संपन्न हुई। इस दौरान भारत माता की जय और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे गूंजते रहे।

यात्रा में विशेष रूप से शामिल हुए कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के भाजपा अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि भारतीय सेना ने ऑपरेशन ‘सिंदूर’ को सफल बनाकर देश को गौरवांवित किया है। हमारे जांबाज़ जवानों ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को मार गिराया, जो भारतीय सैन्य ताकत का प्रतीक है।

यात्रा में माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन स्कूली बच्चों के साथ 100 मीटर लंबा तिरंगा लेकर आगे चलते नजर आए। यात्रा में जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, पूर्व केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, उरई विधायक गौरी शंकर वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता, विकास पटेल और धनोरा नगर अध्यक्ष अंजू अग्रवाल सहित हजारों लोग मौजूद रहे।

यात्रा का समापन सरोजिनी नायडू पार्क पहुंचकर हुआ, जहां सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान राष्ट्रभक्ति के गीतों पर नगरवासी झूमते नजर आए और माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights