फर्रुखाबाद, 03 सितंबर । श्री कृष्ण जन्माष्टमी की अगुवानी की तैयारियां कान्हा की नगरी मथुरा के वृंदावन समेत देशभर के मंदिरों और घरों में जोर शोर से जारी है। फर्रुखाबाद जनपद में प्रभु श्री कृष्ण भगवान के आगमन को देखते हुए बाजार गुलजार हो गए हैं। दुकान पूरी तरह से सज गई है। लेकिन महंगाई के चलते लोग हाथ साध(कम खर्च) कर सामान खरीद रहे हैं।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर कस्बा अमृतपुर का बाजार सजकर तैयार हो गया है। त्योहार को देखते हुए बाजार में झालर, पोशाक, बांसुरी, मुकुट, पोस्टर, गुब्बारे और बच्चों के लिए झूले सहित विभिन्न प्रकार की सजावटी व पूजन सामग्री की दुकानें सजाई गई हैं। दुकानों पर रंग-बिरंगे सामान ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।
जन्माष्टमी के चलते बाजार में दिनभर लोगों की आवाजाही बनी हुई है। दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ दिखाई दे रही है, लेकिन दुकानदारों का कहना है कि भीड़ के बावजूद बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं हो रही है। महंगाई के कारण लोग जरूरत के अनुसार ही सामान खरीद रहे हैं, जिसका सीधा असर दुकानदारों की आमदनी पर पड़ रहा है।
दुकानदार नितिन ने बताया कि उन्होंने जन्माष्टमी को देखते हुए अपनी दुकान सजाई है। दुकान पर झालर, गुब्बारे, बांसुरी, कृष्ण की पोशाक, मुकुट सहित अन्य सामान उपलब्ध हैं, लेकिन इस बार बिक्री काफी कम हो रही है। उनका कहना है कि त्योहार को लेकर बाजार में रौनक तो है, लेकिन ग्राहक सामान खरीदने में पहले की अपेक्षा काफी सोच-विचार कर रहे हैं।
वहीं दुकानदार अर्पित ने बताया कि उन्होंने भी जन्माष्टमी के लिए दुकान लगाई है, जहां बच्चों और श्रद्धालुओं की पसंद के विभिन्न सामान उपलब्ध हैं। उनके यहां 50 रुपये से लेकर 200 रुपये तक की वस्तुएं रखी गई हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि जन्माष्टमी के दिन खरीदारी बढ़ेगी और उनकी बिक्री में कुछ सुधार होगा।
दुकानदारों का कहना है कि त्योहार पर बाजार में भीड़ तो अच्छी दिखाई दे रही है, लेकिन बढ़ती महंगाई के कारण बिक्री प्रभावित हो रही है। अब दुकानदारों की निगाहें जन्माष्टमी के दिन होने वाली खरीदारी पर टिकी हैं।
