इटावा, 03 सितंबर । उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर इटावा में तीन दिन तक प्रवास कर राष्ट्रीय प्रेक्षक रामकृष्ण ओझा एआईसीसी ऑब्जर्वर एवं राष्ट्रीय सचिव कांग्रेस पार्टी, मदन मोहन शुक्ला एआईसीसी मेंबर एवं पूर्व उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश कमेटी, एवं पीसीसी ऑब्जर्वर प्रकाश प्रधान ज़िला अध्यक्षों के चुनावों की प्रक्रिया के लिए मंथन कर रहे हैं। जनपद इटावा में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत करने वाले दावेदारों की सक्रियता को लेकर नब्ज़ टटोली गई। साथ ही सामाजिक लोगों खासकर मुस्लिम समाज के लोगों का मन जानने का प्रयास भी किया कि कांग्रेस के विषय में उनकी क्या सोच है। इस बीच सभी प्रेक्षक ब्राह्मण संगठनों से भी मिले और यह जानने का प्रयास किया कि आख़िर उनके मन में क्या चल रहा है? ऐसा समझा जा रहा है कि कांग्रेस चुनाव ज़िला व शहर के अध्यक्षों के लिए नए नाम तलाश रही है।
जिलाध्यक्ष व शहर अध्यक्ष बनने के इच्छुक पार्टी नेताओं ने अपने-अपने आवेदन दिए। प्रदेश से आए सभी राष्ट्रीय प्रेक्षकों राम कृष्णा ओझा, मदन मोहन शुक्ला एवं प्रकाश प्रधान ने सभी आवेदकों का इंटरव्यू लिया। सिंचाई विभाग के सभागार में दिनभर चले साक्षात्कार में अध्यक्ष पद के दावेदार अपनी-अपनी दावेदारी प्रस्तुत करते नज़र आए। जानकारी के अनुसार जिलाध्यक्ष पद के लिए 16 और शहर अध्यक्ष पद के लिए 6 आवेदन आए।
