delhi-heatwave-weather-forecas

नई दिल्ली, 27 अप्रैल । दिल्ली-एनसीआर में इस सप्ताह तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ आंधी-बारिश की संभावना है। मंगलवार से मौसम का रुख बदलने के आसार हैं। दिल्ली सोमवार को भीषण गर्मी की चपेट में रही, जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हीटवेव का येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा कि इस सप्ताह के दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ आंधी-बारिश की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में इस सप्ताह धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। अनुमान है कि 15 से 45 मिनट तक तेज बारिश होगी और कुछ क्षेत्रों में तूफान गुजरने के बाद 2-3 घंटे तक बूंदाबांदी जारी रह सकती है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। साथ ही बुधवार को भी आसमान बादलों से घिरा रहेगा और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। हवाओं की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

आईएमडी ने बताया कि गुरुवार को भी मौसम का नरम रुख देखने को मिलेगा। आसमान बादलों से घिरा रहेगा और शाम को गरज-चमक के साथ मौसम बदल सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों में दिल्ली में अधिकतम तापमान में 1 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहा, जबकि अधिकतम तापमान कई स्थानों पर सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। हवा की गति उत्तर-पश्चिम दिशा में 20 से 36 किलोमीटर प्रति घंटा तक रही।

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि लू की स्थिति- शिशुओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए जोखिमपूर्ण हो सकती है। लोगों को लंबे समय तक धूप में रहने से बचने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और सिर को ढककर बाहर निकलने की सलाह दी गई है। आंधी-तूफान के दौरान पेड़ों के गिरने, बिजली और संचार लाइनों के बाधित होने तथा कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।

————

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights