केंद्र सरकार ने राजधानी दिल्ली के लुटियंस इलाके में स्थित ऐतिहासिक दिल्ली जिमखाना क्लब को परिसर खाली करने का निर्देश दिया है। सरकार के इस फैसले के बाद क्लब की सदस्यता और इससे जुड़े विवादों पर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। इस क्लब की स्थापना अंग्रेजों के जमाने में हुई थी, जहां कभी भारतीयों के आने पर पाबंदी थी। आज यह जगह सत्ता और सामाजिक प्रतिष्ठा का बड़ा प्रतीक मानी जाती है।

किरण बेदी ने फैसले को बताया दुखद

केंद्र सरकार के इस फैसले पर पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इस कदम की कड़ी आलोचना की। किरण बेदी ने लिखा, “यह बहुत बुरा और सच में बेहद दुखद है। मुझे उम्मीद है कि इस प्रस्ताव पर दोबारा विचार किया जाएगा।”

 

क्लब से जुड़ा है पुराना इतिहास

किरण बेदी ने क्लब की पुरानी यादों को ताजा करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय अरुण जेटली को भी याद किया। उन्होंने लिखा कि अरुण जेटली ने अपने समय में यहाँ एक नया पूल बनवाया था। इस क्लब में कई बेहतरीन टेनिस मैच खेले गए हैं। उन्होंने आगे कहा, “इस जगह से बहुत सारा इतिहास, बहुत सारी यादें और कई पीढ़ियों का बेहतरीन खेल जुड़ा हुआ है।”

 

विरासत को बचाने की अपील

पूर्व आईपीएस अधिकारी ने जोर देकर कहा कि दिल्ली जिमखाना क्लब सिर्फ एक जमीन या प्रॉपर्टी नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्थागत और खेल जगत की विरासत का एक अहम हिस्सा है। उन्होंने अपनी पोस्ट के आखिर में लिखा, “बदलाव जरूरी हो सकता है, लेकिन हमें अपने इतिहास और विरासत को सोच-समझकर बचाना चाहिए। हम इसे खत्म करने के बजाय, वहां कुछ नया जोड़ने की योजना भी बना सकते हैं।”

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights