commercial-lpg-price-hike

नई दिल्ली, 01 मई । देश की सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) ने एलपीजी सिलेंडर की कीमत में जबरदस्त बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। हालांकि ये बढ़ोतरी सिर्फ कमर्शियल सिलेंडर यानी 19 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर में ही की गई है। आज सुबह से कमर्शियल सिलेंडर के भाव में लगभग एक हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है। राहत की बात है कि आज की इस बढ़ोतरी से 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर को बाहर रखा गया है। अब कमर्शियल सिलेंडर देश की राजधानी दिल्ली में 993 रुपये, मुंबई में 993 रुपये, चेन्नई में 990.50 रुपये और कोलकाता में 994 रुपये महंगा हो गया है।

सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) के अनुसार, आज कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में की गई बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में अब 19 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2,078.50 रुपये से बढ़ कर 3,071.50 रुपये हो गई है। इसी तरह कोलकाता में इसकी कीमत 2,208 रुपये से बढ़ कर अब 3,202 रुपये हो गई है। वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर 2,031 रुपये की जगह 3,024 रुपये में मिलेगा, जबकि चेन्नई में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,246.50 रुपये से बढ़ा कर 3,237 रुपये कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के भाव पिछले पांच महीनों में छठी बार बढ़े हैं। इससे पहले एक अप्रैल को ये 218 रुपये तक महंगा हुआ था। वहीं मार्च में इसकी कीमत में दो बार बढ़ोतरी की गई । एक मार्च को इसकी कीमत 28 रुपये तक बढ़ी थी, जबकि सात मार्च को यह 114.5 रुपये महंगा हुआ था। इसी तरह फरवरी में इसके दाम में 49 रुपये और जनवरी में 111 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि दिसंबर 2025 में 19 किलोग्राम के कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती की गई थी।

राहत की बात ये है कि घर की रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर के भाव में एक बार फिर कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में सात मार्च 2026 को 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। आईओसी के अनुसार बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत वर्तमान में दिल्ली में 913 रुपये है। मुंबई में इसकी कीमत 912.50 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये है।

घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए आज से ही गैस सिलेंडर की डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड सिस्टम को और सख्त कर दिया गया है। अब उपभोक्ता को सिलेंडर की डिलीवरी तभी की जाएगी, जब वो अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को दिखाएगा। ओटीपी दिखाए बिना गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं दी जाएगी। कहा गया है कि अगर किसी उपभोक्ता का मोबाइल नंबर गैस एजेंसी के पास अपडेट नहीं है, तो वो गैस डिलीवरी वाले ऐप के जरिए रियल टाइम में अपना मोबाइल नंबर अपडेट कर सकता है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights