cbi-haryana-extradition-portugal

नई दिल्ली, 09 मई । हरियाणा में दर्ज कई आपराधिक मामलों में वांछित गैंगस्टर अभय उर्फ अभय राणा को पुर्तगाल से प्रत्यर्पित कर शनिवार को भारत लाया गया।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अनुसार अभय उर्फ अभय राणा हरियाणा में दर्ज कई आपराधिक मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ जबरन वसूली, आपराधिक धमकी, संगठित अपराध गिरोह संचालित करने, हत्या के प्रयास और जान से मारने की धमकी जैसे आरोपों में मामले दर्ज हैं।

जांच एजेंसी ने बताया कि करनाल जिले में दर्ज एक मामले की जांच में सामने आया था कि आरोपित अपने सहयोगियों के साथ मिलकर व्हाट्सएप कॉल सहित सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से स्थानीय कारोबारियों को फिरौती देने के लिए धमकाता था। मांग पूरी नहीं करने वालों पर गिरोह के सदस्यों द्वारा हमला किया जाता था। मामले की जांच पूरी होने के बाद आरोपित के खिलाफ सक्षम अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है।

सीबीआई ने बताया कि हरियाणा पुलिस के अनुरोध पर नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो ने इंटरपोल माध्यमों से अभय के खिलाफ रेडकार्नर नोटिस जारी कराया था। बाद में उसका पता लगने और पुर्तगाली अधिकारियों द्वारा उसकी गिरफ्तारी के बाद भारत की ओर से प्रत्यर्पण अनुरोध भेजा गया।

सीबीआई के अनुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुर्तगाल के अधिकारियों ने आरोपित के प्रत्यर्पण को मंजूरी दी। इसके बाद हरियाणा पुलिस की एक टीम पुर्तगाल गई, जहां आरोपित को टीम के हवाले किया गया। हरियाणा पुलिस की टीम आरोपित को लेकर शुक्रवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंची।

सीबीआई ने बताया कि इंटरपोल माध्यमों से समन्वय कर पिछले कुछ वर्षों में 160 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights