मुजफ्फरनगर। शहर के थाना खालापार क्षेत्र के मोहल्ला साउथ खालापार की रहने वाली महिला मीना अंसारी ने अपने ही सगे भाई और भतीजों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जान का खतरा बताया है। महिला ने आरोप लगाया कि उसने अपने भाई और उसके बेटों के लिए लाखों रुपये लगाकर मकान बनवाया था, लेकिन न तो पैसे लौटाए जा रहे हैं और अब जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।

पीड़ित महिला किन्नर मीना अंसारी पुत्री नियाज अंसारी निवासी केसर वकील वाली गली नंबर 515, साउथ खालापार ने मीडिया सेंटर में प्रेसवार्ता करते हुए जानकारी दी कि आठ वर्ष पूर्व उन्होंने अपने सगे भाई एजाज अंसारी और उसके बेटों इज़हार व मुन्ना पुत्रगण एजाज के लिए करीब 62 गज में चार मंजिला मकान तैयार कराया था। उन्होंने बताया कि यह मकान शमशेर ठेकेदार से बनवाया गया था, जिसमें कुल लगभग 32 लाख रुपये खर्च हुए।मीना का कहना है कि मकान बनवाने के बाद जब उन्होंने रुपये मांगे, तो कई वर्षों तक टालमटोल किया गया। आखिरकार 27 जून 2025 को काफी मिन्नतों के बाद केवल 5 लाख रुपये का चेक उन्हें दिया गया, जबकि 27 लाख रुपये अभी भी बकाया हैं।

मीना ने बताया कि उनके पास मकान निर्माण से संबंधित पूरा लेखा-जोखा मौजूद है किस दुकान से सीमेंट आया, कहां से लोहा और ईंटें खरीदी गईं, पलंबर और मजदूरों को कितनी रकम दी गई सबका पूरा रिकॉर्ड उनके पास है, जहाँ जहाँ से समान आया वो लोग गवाह के रूप में भी तैयार है |

मीना ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगने की बात दोहराई, तो उनके भाई एजाज और भतीजे इज़हार व मुन्ना ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे वह जब उनके मकान के पास पहुंचीं, तो तीनों ने उन्हें पकड़ लिया और घर के अंदर खींचकर चाकू से हमला किया | इस मौके पर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए, जिनमें इमरान पुत्र निसार नामक व्यक्ति ने उनकी जान बचाई, अन्यथा उनकी हत्या कर दी जाती। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी कई बार उन पर जानलेवा हमले का प्रयास किया गया है।पीड़ित ने बताया कि अब उन्हें अपने भाई और उसके बेटों से जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पीछे अब कुछ बदमाश भी लगाए गए हैं, जो लगातार उनकी गतिविधियों पर नज़र रख रहे हैं।

मीना अंसारी ने इस संबंध में पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपने के साथ-साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम भी ज्ञापन भेजा है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो उनके साथ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।महिला ने मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि ‘मैंने अपने खून-पसीने की कमाई से यह मकान बनवाया था। अब वही लोग मुझे जान से मारने पर उतारू हैं। मैं प्रशासन और मुख्यमंत्री से न्याय की मांग करती हूँ।’

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights