लुधियाना में साल 2021 के दौरान एटीएम मशीनों के साथ छेड़छाड़ कर बड़े स्तर पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में स्थित करीब 119 एटीएम मशीनों के साथ तकनीकी छेड़छाड़ कर अज्ञात आरोपियों ने लाखों-करोड़ों की चपत लगाई थी।

इस हाई-टेक लूट के मामले में अब माननीय सेशन कोर्ट के सख्त आदेशों के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर तफ्तीश तेज कर दी है। शिकायतकर्ता SBI बैंक के ट्रेजरी ब्रांच के मैनेजर अविनाश कुमार की ओर से दी गई अर्जी के मुताबिक, यह पूरा खेल साल 2021 में खेला गया था जब शातिर ठगों ने लुधियाना शहर की कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक के बाद एक कुल 119 एटीएम मशीनों को अपना निशाना बनाया। इन मशीनों के साथ छेड़छाड़ कर फ्रॉड की वारदातों को अंजाम दिया गया, जिससे बैंकों और खाताधारकों को भारी वित्तीय नुकसान झेलना पड़ा। हालांकि उस समय मामला सुलझ नहीं पाया था, लेकिन अब लुधियाना सेशन कोर्ट के दखल और माननीय न्यायाधीश के आदेशों के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला रजिस्टर कर लिया है।

बैंक अधिकारियों के मुताबिक यह किसी बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का काम हो सकता है जो एटीएम की तकनीकी खामियों का फायदा उठाकर पैसे उड़ाता था। कोर्ट के आदेश के बाद अब पुलिस पुराने रिकॉर्ड्स और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि इन अज्ञात चेहरों को बेनकाब किया जा सके। इलाके में इस मामले की चर्चा जोरों पर है क्योंकि एक साथ 119 मशीनों को निशाना बनाना सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights