22 नवंबर को पुलिस लाइन में युद्ध जैसी आपात स्थिति का होगा अभ्यास, दो मिनट का ब्लैकआउट कर परखी जाएगी सुरक्षा व्यवस्था।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। हवाई हमले की चेतावनी मिलते ही सायरन गूंजे, बिजली गुल हो जाए, लोग सुरक्षित ठिकानों की ओर दौड़ें और राहत टीमें आग बुझाने से लेकर मलबे में दबे लोगों को निकालने तक मोर्चा संभाल लें… ऐसी आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मुजफ्फरनगर में रविवार 22 नवंबर को व्यापक मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। शाम छह बजे सायरन बजते ही पुलिस लाइन परिसर में युद्ध जैसी परिस्थितियों का अभ्यास शुरू होगा। जिला प्रशासन ने इस मॉक एक्सरसाइज को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस लाइन में होने वाले अभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी, दो मिनट का ब्लैकआउट, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने, आग पर काबू पाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और क्षतिग्रस्त भवनों से लोगों को बाहर निकालने जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी। इस दौरान विभिन्न विभागों की तत्परता और आपसी समन्वय की परीक्षा होगी।
मॉकड्रिल के शुरुआती चरण में शाम छह बजे दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज वाला चेतावनी सायरन बजाया जाएगा। इसके साथ ही निर्धारित स्थानों पर बिजली बंद कर ब्लैकआउट की स्थिति बनाई जाएगी। लोगों को हमले की चेतावनी मिलने पर सुरक्षित स्थानों और शेल्टरों में पहुंचने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया जाएगा। खतरा समाप्त होने पर दो मिनट का ऑल क्लियर सायरन बजाकर अगले चरण की शुरुआत होगी। अभ्यास के दौरान आग लगने की काल्पनिक स्थिति पैदा कर नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने का प्रयास करेंगे। बड़ी आग की स्थिति में फायर सर्विस की टीमें दमकल वाहनों के साथ मोर्चा संभालेंगी। क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और गंभीर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का भी पूर्वाभ्यास होगा। मॉकड्रिल की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सभागार में बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा नोडल अधिकारी नागरिक सुरक्षा गंभीर सिंह ने सभी विभागों को समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। अभ्यास में पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड, आपदा प्रबंधन, आपूर्ति विभाग, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड तथा एनएसएस की टीमें भाग लेंगी। बैठक में एसपी सिटी अमृत जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का उद्देश्य किसी वास्तविक आपदा की स्थिति में जान-माल की क्षति कम करने और राहत-बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने के लिए तैयारियों को मजबूत करना है।
