नीरज प्रजापति

पांच दिन की लगातार तलाश के बाद औद्योगिक क्षेत्र में हुई मुठभेड़, 50-50 हजार के इनामी सुमित और मोहित मारे गए, सत्यम और आर्यन की तलाश में दबिश तेज

शामली। हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड में सोमवार तड़के पुलिस और STF मेरठ को बड़ी सफलता मिलने की खबर सामने आई है। हत्याकांड के बाद फरार चल रहे शूटरों की तलाश में लगातार अभियान चला रही शामली पुलिस और STF की टीम की औद्योगिक क्षेत्र में बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में दो शूटर सुमित और मोहित ढेर हो गए। दोनों पर 50-50 हजार रुपये के इनाम बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, अंकित बालियान की हत्या के बाद से ही हत्याकांड में शामिल आरोपियों और शूटरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। पिछले पांच दिनों से पुलिस और STF की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी करते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। इसी लगातार चलाए जा रहे अभियान के दौरान सोमवार तड़के पुलिस टीम को बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली। टीम ने औद्योगिक क्षेत्र में घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर कथित रूप से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि अपनी सुरक्षा में टीम ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के बाद मौके पर दो बदमाश घायल अवस्था में मिले, जिन्हें पुलिस टीम ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों का नाम अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़ा सामने आया था और उनके गोगी गैंग से जुड़े होने की बात भी कही जा रही है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस और STF ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी। मौके से हथियार और अन्य सामान बरामद किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस टीम द्वारा बरामदगी और मुठभेड़ से जुड़े प्रत्येक पहलू की जांच की जा रही है। घटनास्थल पर अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई।
अंकित बालियान हत्याकांड के बाद से ही पुलिस की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी थीं। अब दो कथित शूटरों के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। पुलिस की कार्रवाई से हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा कसने की उम्मीद बढ़ गई है।
वहीं, पुलिस अब हत्याकांड में नाम सामने आए सत्यम और आर्यन की तलाश में दबिश तेज कर रही है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस और STF की इस कार्रवाई के बाद अंकित बालियान हत्याकांड की जांच और अधिक तेज होने की संभावना है।
फिलहाल पुलिस मुठभेड़, बरामद हथियारों और दोनों मृतकों के हत्याकांड से संबंध समेत पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अंकित बालियान हत्याकांड में सोमवार तड़के हुई यह कार्रवाई पुलिस के लिए अब तक की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights