प्रयागराज, 31 अगस्त । उत्तर प्रदेश के जनपद प्रयागराज में गंगा और यमुना के जलस्तर में पिछले 24 घंटे में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, दोनों नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। सोमवार सुबह आठ बजे तक जिला प्रशासन के मुताबिक, सभी तटबंध सुरक्षित हैं और जलस्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है।
जिला प्रशासन ने बताया कि सोमवार की सुबह आठ बजे नैनी में यमुना का जलस्तर 82.20 मीटर दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में इसमें 67 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। यहां 30.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसी तरह फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 82.62 मीटर पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में यहां 1.06 मीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। फाफामऊ में 14.6 मिलीमीटर वर्षा हुई। छतनाग में गंगा का जलस्तर 81.68 मीटर रहा, जिसमें 63 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई। यहां 20 मिलीमीटर वर्षा हुई। बक्शी बांध स्थित एसटीपी पर जलस्तर 82.26 मीटर** दर्ज किया गया, जिसमें पिछले 24 घंटे में 52 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है।
जनपद में नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन की ओर से निगरानी बढ़ा दी गई है। संबंधित विभागों और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन के अनुसार सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं, इसलिए फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। लोगों से भी नदी और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने की अपील की गई है।
