पूर्व सांसद व पूर्व पंजाब भाजपा अध्यक्ष श्वेत मलिक ने जालंधर में प्रेस वार्ता के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष सुशील शर्मा ने की। इस मौके पर राकेश राठौर, के.डी. भंडारी, रमन पब्बी, कर्मजीत कौर चौधरी, अशोक सरीन हिक्की, राजेश कपूर, अमरजीत सिंह गोल्डी और मीडिया इंचार्ज अमित भाटिया सहित कई नेता मौजूद रहे।

AAP का अस्तित्व खतरे में
मलिक ने आरोप लगाया कि AAP में बढ़ते भ्रष्टाचार और अरविंद केजरीवाल की “तानाशाही कार्यशैली” के कारण पार्टी का अस्तित्व खतरे में है। उन्होंने कहा कि पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं को “गद्दार” कहने पर केजरीवाल को स्पष्टीकरण देना चाहिए। मलिक ने सवाल उठाया कि क्या अन्य दलों से AAP में आए नेता भी इसी श्रेणी में आते हैं। इसी बीच श्वेत मलिक ने कहा कि जब डूबेगी कश्ती तो डूबेंगे सारे, ना केजरीवाल बचेंगे ना साथी तुम्हारे।

भ्रष्टाचार के कारण नेताओं ने छोड़ी पार्टी
उन्होंने दावा किया कि पार्टी के भीतर बड़े स्तर पर असंतोष है और इसे “भारी टूट” के रूप में देखा जा रहा है। मलिक ने कहा कि कई नेताओं ने भ्रष्टाचार और अंदरूनी लोकतंत्र की कमी के कारण पार्टी छोड़ी है। उन्होंने अन्ना हजारे के बयान का हवाला देते हुए कहा कि जो पार्टी भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से बनी थी, वह अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है। मलिक ने यह भी आरोप लगाया कि AAP में लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन हो रहा है और पार्टी “आलाकमान संस्कृति” तक सीमित हो गई है। उन्होंने कहा कि कई नेता खुद को असहज महसूस कर रहे हैं और अन्य विकल्पों की तलाश कर रहे हैं। अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा उन सभी नेताओं का स्वागत करती है जो पारदर्शिता, सुशासन और राष्ट्रहित में काम करना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights