देश के बड़े हिस्से में कुदरत के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ उत्तर और मध्य भारत Heatwave की चपेट में है, तो दूसरी तरफ IMD ने 10 राज्यों में भारी बारिश और 70 Kmph की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।
दिल्ली-NCR में चढ़ा पारा
देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में सूरज की गर्मी का कहर जारी है। 15 और 16 मई को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है। ऐसा अनुमान है कि दोपहर में लू जैसे हालात रहेंगे, हालांकि शाम को आंशिक रूप से बादल छाने से मामूली राहत की उम्मीद है। 17 मई के बाद गर्मी का प्रकोप और बढ़ने के आसार हैं।
UP और बिहार में उमस और लू की दोहरी मार
उत्तर प्रदेश और बिहार में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना फिलहाल कोई संभावना नहीं है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी में पारा 40 डिग्री के पार रहेगा। पश्चिमी यूपी में सूखी और गर्म हवाएं चलेंगी, जबकि पूर्वी हिस्सों में उमस परेशान करेगी।बिहार के पटना और गया में तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। शाम को कुछ इलाकों में धूल भरी आंधियां चलने की संभावना है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में जारी हुआ गर्मी का ‘ऑरेंज अलर्ट’
मध्य प्रदेश की बात करें तो वहां खजुराहो में तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है। इंदौर, उज्जैन और रतलाम जैसे जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। यहाँ गर्मी के साथ-साथ कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है। राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों जैसे फलौदी और जैसलमेर में पारा 45 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। हालांकि, जयपुर और बीकानेर के आसपास हल्की बूंदाबांदी से तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट आ सकती है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी
देश में इस बढ़ती गर्मी के बीच दक्षिण भारत के लिए राहत की खबर है। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के चलते तमिलनाडु के नीलगिरि और कोयंबटूर जैसे जिलों में 19 मई तक भारी बारिश की संभावना है।
पहाड़ी क्षेत्रों का हाल
उत्तराखंड और हिमाचल के मैदानी इलाकों जैसे देहरादून, हल्द्वानी में तो गर्मी बढ़ेगी। वहीं शिमला और मनाली जैसे पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर मौसम काफी अच्छा रहेगा। इसी के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी या बारिश की भी उम्मीद है।
