महावीर चौक स्थित सपा कार्यालय में प्रेस वार्ता कर योगी सरकार को घेरा, राकेश शर्मा बोले- चुनावी मुद्दों से भटक रही भाजपा, जनता के सवालों का जवाब देना होगा।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज होने लगा है। रविवार को महावीर चौक स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सपा नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक मुद्दों को लेकर भाजपा की प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। चरथावल विधानसभा क्षेत्र से विधायक पंकज मलिक ने योगी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता को वास्तविक समस्याओं से भटकाने के लिए धर्म और जाति के मुद्दों को आगे किया जा रहा है। विधायक पंकज मलिक ने कहा कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी आम आदमी के सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़ी हैं। युवाओं को रोजगार, आम परिवारों को महंगाई से राहत और किसानों को उनकी समस्याओं का समाधान चाहिए, लेकिन सरकार इन बुनियादी सवालों पर अपेक्षित जवाब देने के बजाय जुमलेबाजी में लगी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति धर्म और जाति के आधार पर समाज में विभाजन पैदा करने के इर्द-गिर्द घूम रही है। सपा विधायक ने कहा कि जनता की असली समस्याओं को राजनीतिक नारों के पीछे छिपाया नहीं जा सकता। वहीं प्रेस समाजवादी पार्टी के दिग्गज वरिष्ठ नेता राकेश शर्मा ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के पास जनता के बीच ले जाने के लिए ठोस चुनावी मुद्दों का अभाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय सांप्रदायिक तनाव और दंगों का मुद्दा राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जाता है। राकेश शर्मा ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा की राजनीति में बदलाव और बेचैनी दिखाई देने लगी है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के सामने महंगाई, बेरोजगारी, विकास और जनसमस्याओं जैसे सवाल प्रमुखता से उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी। उनका कहना था कि प्रदेश की राजनीति में अब विकास, रोजगार, किसान, युवा और आम आदमी की समस्याओं पर खुली बहस होनी चाहिए। जनता के सामने सरकार के दावों और जमीनी परिस्थितियों की तुलना का सवाल भी उठाया गया। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, साजिद हसन, बॉबी त्यागी, गोल्डी अहलावत, अशद, नूर हसन सलमानी, सोमपाल सिंह कोरी, रमेश चंद शर्मा सहित अनेक सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
