झारखंड के रामगढ़ जिले में 39 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या के आरोप में बिहार के एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 11 अक्टूबर को भदाइनगर पुलिस थाना क्षेत्र के चैंगड़ा गांव के पास हुई थी। महिला का शव राज्य राजमार्ग के पास बरामद किया गया। रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय कुमार ने बताया कि आरोपी वाहन चालक बिहार के गया जी जिले का निवासी है और उसे रांची के खलारी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि मृत महिला 11 अक्टूबर को रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड में अपने गांव जाने के लिए किसी यात्री वाहन का इंतजार कर रही थी। एसपी ने कहा, “एक ट्रक अचानक उसके पास रुका और चालक ने उसे गाड़ी में बैठने का प्रस्ताव दिया। जब उसने मना कर दिया, तो वह वाहन से बाहर आया और कथित तौर पर उसे (महिला) जबरन रामगढ़-पतरातू राज्य राजमार्ग के पास एक सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ बलात्कार किया। फिर आरोपी ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया।”

एसपी ने बताया कि महिला के पति ने 12 अक्टूबर को भदाइनगर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 15 पुलिस टीम ने तलाशी अभियान चलाया और उसे सोमवार को गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान चालक ने स्वीकार किया कि वह अश्लील वीडियो देखने का आदी था। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights