–24 घंटे में गन्ना भुगतान, 300 यूनिट फ्री बिजली और स्मार्ट मीटर खत्म, सांसद हरेंद्र मलिक का बड़ा ऐलान, पुलिस व मंत्री पर लगाए गंभीर आरोप
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व मुजफ्फरनगर से सांसद हरेंद्र मलिक ने सदर बाजार स्थित राजमहल रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश की राजनीति को लेकर बड़ा बयान देते हुए आगामी 2027 चुनावों के लिए सपा का विजन सामने रखा। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की किसान हितैषी नीतियों का खुलकर समर्थन करते हुए कहा कि सपा सरकार बनने पर किसानों को गन्ने की तुलाई के मात्र 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। सांसद मलिक ने बताया कि गाजियाबाद से शुरू किए गए ‘विजन इंडिया’ अभियान के तहत 15,000 करोड़ रुपये के किसान रिवॉल्विंग फंड की घोषणा की गई है, जिससे चीनी मिलों द्वारा भुगतान में होने वाली देरी को खत्म किया जाएगा और किसानों के खातों में सीधे पैसा ट्रांसफर होगा। हरेंद्र मलिक ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि किसानों के हित में सबसे बड़े और ऐतिहासिक फैसले समाजवादी सरकारों में ही हुए हैं। उन्होंने कहा कि खड़े कोल्हू का लाइसेंस समाप्त करने और गन्ना भुगतान को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने जैसे फैसले किसानों के लिए मील का पत्थर साबित हुए। वहीं सांसद ने जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सराफा बाजार क्षेत्र में एक फल विक्रेता की निजी जमीन पर पुलिस जबरन चेक पोस्ट बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मांग की कि इस प्रकार के निर्माण कार्य केवल मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (MDA) की स्वीकृत जमीन पर ही किए जाएं। इस दौरान हरेंद्र मलिक ने राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल का नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि एक मामले में तीन दोषी युवकों को पुलिस से छुड़वा दिया गया, जबकि एक निर्दोष व्यक्ति को जेल भेज दिया गया। सांसद के अनुसार यह जानकारी उन्हें एक पीड़ित महिला द्वारा दी गई है, जो कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। बिजली व्यवस्था पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि पूरे प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर जनता में भारी असंतोष है। उन्होंने घोषणा की कि 2027 में सपा सरकार बनने पर स्मार्ट मीटर की बाध्यता समाप्त कर दी जाएगी और एक पारदर्शी बिजली व्यवस्था लागू की जाएगी। साथ ही हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना भी लागू की जाएगी। हरेंद्र मलिक ने पश्चिम बंगाल के चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां एक बार फिर टीएमसी सरकार बनने जा रही है, जो भाजपा के खिलाफ जनता के रुख को दर्शाता है। इस दौरान सपा के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, जिला अध्यक्ष जिया चौधरी, महासचिव सोमपाल भाटी और महानगर अध्यक्ष पुष्पेंद्र बाबी त्यागी समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
