पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और बढ़ते ऊर्जा संकट को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है. जिस पर अयोध्या से समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि देर आए दुरुस्त आए. उन्होंने कहा कि बेहतर होता कि यदि सरकार संकट पैदा होने से पहले ही, खासकर तब जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से अनावश्यक दखलंदाजी हो रही थी. तभी सभी दलों की बैठक बुलानी चाहिए थी.
सर्वदलीय बैठक से पहले पीएम मोदी पर निशाना साधकर विपक्ष ने संदेश दे दिया है कि वे सरकार को हलके में नहीं छोड़ेंगे. सर्वदलीय बैठक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर की अध्यक्षता में बुलाई गयी है. इसमें देश में ऊर्जा संकट व ईरान-इजरायल युद्ध पर चर्चा संभावित है.
अवधेश प्रसाद का बयान
सांसद अवधेश प्रसाद ने आगे कहा, “PM मोदी को देश की मौजूदा स्थिति पर विचार करना चाहिए था. आज हमारी विदेश नीति US राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हाथों में नजर आती है. बल्कि यह भी कहा जा सकता है कि हमारे देश की विदेश नीति को संयुक्त राज्य अमेरिका के पास गिरवी रख दिया गया है. नतीजतन, आज कई समस्याएं सामने आ रही हैं.”सपा सांसद ने यह भी कहा कि देर आए दुरुस्त आए. उन्हें उम्मीद है कि सरकार विपक्ष के सुझावों को सही भावना से लेगी और उन पर अमल करेगी.
विपक्ष लगातार हमलावर
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और ऊर्जा संकट को लेकर विपक्ष लगातार मोदी सरकार को घेरे हुए है. सोमवार को प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने लोकसभा और अगले दिन मंगलवार में राज्यसभा में इसको लेकर बयान दिया. विपक्ष का आरोप है कि भारत की विदेश नीति अमेरिकी दबाब में है, जिस कारण भारत आज इतने बड़े ऊर्जा संकट से गुजर रहा है.सरकार ने समय रहते कोई कदम नहीं उठाया. फिलहाल अब सभी की निगाहें सर्वदलीय बैठक पर टिकी हुई हैं.
