मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना तितावी क्षेत्र के गांव साला खेड़ी में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
मृतका की पहचान ज्योति पत्नी गौरव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह परिजनों की नजर जब कमरे के अंदर पड़ी तो ज्योति का शव फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना तितावी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
थाना अध्यक्ष तितावी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में आक्रोश का माहौल है और परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले को लेकर गांव में दहशत और गम का माहौल बना हुआ है।
