ओडिशा के नयागढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। शहद निकालने गए एक किशोर की जान उस समय खतरे में पड़ गई जब उसका सिर दो चट्टानों के बीच फंस गया। सबसे डरावनी बात यह थी कि उसी संकरी जगह में एक जहरीला सांप भी मौजूद था। करीब आठ घंटे तक किशोर मौत के डर के साये में फंसा रहा।

जानकारी के मुताबिक, किशोर की पहचान शिबा प्रधान के रूप में हुई है। वह बुधवार को अपने चाचा के साथ नयागढ़ जिले के कनिपाड़ा जंगल में शहद इकट्ठा करने गया था। जंगल में उन्हें चट्टानों की दरार के अंदर मधुमक्खियों का छत्ता दिखाई दिया। शिबा ने शहद निकालने के लिए अपना सिर अंदर डाला, लेकिन वह गहराई में जाकर चट्टानों के बीच बुरी तरह फंस गया।

पहले उसके चाचा ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद गांव वालों और परिवार के अन्य लोगों को बुलाया गया। कई घंटों तक कोशिशें जारी रहीं, लेकिन किशोर को बाहर नहीं निकाला जा सका। आखिरकार पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।

मौके पर ओडागांव और नयागढ़ से पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंचीं। बचाव कार्य के दौरान सबसे बड़ी परेशानी यह थी कि जिस दरार में किशोर फंसा था, वहीं एक बड़ा जहरीला सांप भी मौजूद था। ऐसे में रेस्क्यू टीम को बेहद सावधानी से काम करना पड़ा।

करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने शिबा प्रधान को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। बाद में उसे परिवार के हवाले कर दिया गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights