शनिवार को उस समय विवाद खड़ा हो गया जब पटना के गांधी मैदान के पास एक लक्जरी ‘वैनिटी वैन’ खड़ी देखी गई, जहां जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर इस समय बीपीएससी परीक्षा में प्रश्न पत्र लीक के आरोप में आमरण अनशन पर हैं। बताया जा रहा है कि यह वाहन, जिसमें कई लक्जरी सुविधाएं हैं, किशोर के विरोध प्रदर्शन स्थल से कुछ सौ मीटर की दूरी पर पार्क किया गया था, जिसे उन्होंने गुरुवार शाम को शुरू किया था।

पत्रकारों द्वारा वैन की मौजूदगी के बारे में पूछे जाने पर किशोर ने जवाब दिया, “मैं यहां उपवास पर हूं। अगर मैं शौच के लिए घर जाता हूं, तो पत्रकार सवाल पूछेंगे कि क्या मैं खाना खाने गया था या झपकी लेने गया था। कुछ लोग कहा कि वैनिटी वैन की कीमत 2 करोड़ रुपये है और इसका किराया 25 लाख रुपये प्रति दिन है।” उन्होंने कहा कि मैं मीडियाकर्मियों के माध्यम से यह बताना चाहता हूं… इस वैन को हटा दिया जाए और बदले में मुझे प्रति दिन 25 लाख रुपये दिए जाएं और एक वैकल्पिक स्थान प्रदान किया जाए जिसका उपयोग शौचालय के रूप में किया जा सके।

किशोर ने यह भी सवाल किया कि क्या बीपीएससी उम्मीदवारों के भविष्य से ज्यादा महत्वपूर्ण यह मुद्दा है। उन्होंने कहा कि क्या आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उन सुविधाओं के बारे में सवाल पूछ पाएंगे जिनका वे आनंद ले रहे हैं? किशोर का अनशन 13 दिसंबर को आयोजित 70वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा (सीसीई) से संबंधित है, जो प्रश्नपत्र लीक के आरोपों से घिरी हुई है। किशोर ने प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए न्याय की मांग करते हुए परीक्षा रद्द करने की मांग की है।

वहीं, बीपीएससी के विरोध प्रदर्शन पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि इसका पूरी तरह से राजनीतिकरण किया जा रहा है। हमें लगता है कि बिहार की जनता को इन लोगों को पहचानना होगा जो बीजेपी की ‘बी’ टीम हैं और इस स्वतंत्र आंदोलन को कुचलने की कोशिश कर रहे हैं। निंदनीय। वैनिटी वैन पर उन्होंने कहा कि आंदोलन को खत्म करने की कोशिश की गई। वैनिटी वैन में अभिनेता बैठते हैं और निर्माता और निर्देशक उन्हें बैठाते हैं, हम जानते हैं कि निर्माता कौन है और डायरेक्टर कौन है और एक्टर को क्यों बैठाया, सब जानते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights