समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने ब्राह्मण समाज को लेकर कथित विवादित टिप्पणी के मामले में सफाई देते हुए कहा है कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबा पोस्ट लिखकर और वीडियो बनाकर कहा कि उनका किसी भी जाति या धर्म का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था. साथ ही उन्होंने कहा कि अगर उनके शब्दों से किसी ब्राह्मण भाई की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह बिना शर्त माफी मांगते हैं.

पुस्तक लोकार्पण कार्यक्रम में दिया था भाषण

राजकुमार भाटी के मुताबिक दिल्ली के जवाहर भवन में डॉ. रफरफ शकील अंसारी और जावेद अनवर की किताब ‘जाति और साम्प्रदायिकता के विषाणु’ का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया था. कार्यक्रम के बाद इसी विषय पर परिचर्चा हुई, जिसमें योगेंद्र यादव, आशुतोष, प्रो. रतन लाल, शीबा असलम फहमी और बिलाल अहमद समेत कई लोग मौजूद थे.

भाटी ने बताया कि अपने भाषण में उन्होंने समाज में जातियों को लेकर प्रचलित खराब कहावतों और मुहावरों का जिक्र किया था. उन्होंने कहा कि ऐसी बातें हर समाज के खिलाफ कही जाती रही हैं और उनका उद्देश्य सिर्फ यह बताना था कि समाज में इस तरह की सोच गलत है.

‘ब्राह्मणों के बारे में गलत सोच नहीं रखता’

सपा प्रवक्ता ने कहा कि उन्होंने अपने भाषण में यह भी कहा था कि एक पत्रकार ने उन्हें ब्राह्मण और वैश्य समाज से जुड़ा एक दोहा सुनाया था, लेकिन वह इतना खराब था कि उन्होंने उसे कभी सार्वजनिक रूप से नहीं सुनाया. उन्होंने यह भी कहा था कि वह ऐसे दोहों को सही नहीं मानते और ब्राह्मण समाज में बहुत भले और सम्मानित लोग हैं.

भाटी ने आरोप लगाया कि उनके पूरे भाषण में से सिर्फ कुछ सेकंड की क्लिप काटकर सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही है ताकि उन्हें ब्राह्मण विरोधी बताया जा सके. उन्होंने लोगों से पूरा वीडियो देखने की अपील की.

‘अगर किसी को दुख पहुंचा तो हाथ जोड़कर माफी’

अपने बयान में राजकुमार भाटी ने कहा, “अगर मेरे शब्दों से किसी ब्राह्मण भाई को बुरा लगा है, उनके दिल को चोट पहुंची है तो मैं बिना किसी शर्त के हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं. मेरा ऐसा कोई इरादा नहीं था और न कभी हो सकता है.”

उन्होंने कहा कि वह समाजवादी विचारधारा से जुड़े व्यक्ति हैं और सच्चा समाजवादी कभी किसी जाति या धर्म का अपमान नहीं कर सकता. उन्होंने कहा कि कुछ लोग लगातार उनके खिलाफ अभियान चलाते हैं और उन्हें ब्राह्मण विरोधी, सनातन विरोधी और हिंदू विरोधी साबित करने की कोशिश करते हैं, जबकि यह सभी आरोप पूरी तरह गलत हैं.

भाजपा आईटी सेल पर लगाया निशाना

राजकुमार भाटी ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी की आईटी सेल और कुछ लोग उनके बयान को गलत तरीके से फैलाकर माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज ने देश को विद्वान, राष्ट्रभक्त, वीर योद्धा और बुद्धिजीवी दिए हैं और वह इस समाज का पूरा सम्मान करते हैं.

सपा प्रवक्ता ने आखिर में कहा कि वह किसी भी जाति, धर्म या समाज के खिलाफ अपमानजनक भाषा के पक्ष में नहीं हैं और लोगों को अधूरी क्लिप के बजाय पूरा सच देखना चाहिए.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights