–मुख्य अतिथि आईपीएस राजकरन नय्यर ने ली सलामी, नवनियुक्त आरक्षियों को दिया राष्ट्र सेवा का संदेश
मुजफ्फरनगर। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित आरटीसी परिसर में रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड 2025-26 का आयोजन अत्यंत भव्य, अनुशासित और गौरवपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कठोर प्रशिक्षण की कसौटी पर खरे उतरे जवानों ने अपने दमदार कदमताल, बेहतरीन तालमेल और अनुशासन की मिसाल पेश कर समारोह में मौजूद सभी अतिथियों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट गाजियाबाद राजकरन नय्यर (आई.पी.एस.) रहे, जिनके आगमन पर परेड टोलियों ने शानदार सलामी देकर उनका स्वागत किया। प्रातः 08:00 बजे परेड का शुभारंभ प्रथम कमांडर सोनू चेतिवाल, द्वितीय कमांडर अंकित कुमार एवं तृतीय कमांडर जयवीर सिंह के नेतृत्व में हुआ। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के आगमन पर उनका विधिवत अभिवादन किया गया।

मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया, जहां उन्होंने जवानों की सटीक चाल, अनुशासन और अद्वितीय समन्वय की जमकर सराहना की। परेड के दौरान टोलियों द्वारा प्रस्तुत मान प्रणाम ने पूरे समारोह को गौरवमयी बना दिया। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रेरणादायी संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक तकनीकों से सशक्त, संवेदनशील और जिम्मेदार बनकर कार्य करने का आह्वान किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि राजकरन नय्यर ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र की सेवा का सर्वोच्च दायित्व है। उन्होंने नवनियुक्त आरक्षियों को ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

प्रशिक्षण अवधि में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान ने अन्य जवानों में भी उत्कृष्टता हासिल करने का जोश भर दिया।

समारोह के अंतिम चरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी आरक्षियों को देश की एकता, अखंडता, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा के लिए समर्पित रहने की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद टोलियों ने गर्व और अनुशासन के साथ प्रस्थान किया, जिससे पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी, रिक्रूट आरक्षियों के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


