तिरुवनंतपुरम से दिल्ली (हजरत निजामुद्दीन) जा रही डाउन राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या: 12431) के एक वातानुकूलित (AC) डिब्बे में आज सुबह अचानक भीषण आग लग गई। यह हादसा मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में हुआ। गनीमत यह रही कि रेलवे स्टाफ और यात्रियों की सूझबूझ से समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

कोटा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के बी-1 डिब्बे में सुबह पांच बजकर 15 मिनट पर आग लगी जिसमें 68 यात्री सवार थे। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि यह घटना रेलवे के कोटा मंडल के अंतर्गत विक्रमगढ़ आलोट और लुनीरिछा स्टेशन के बीच हुई।

 

 

प्रभावित कोच को तुरंत ट्रेन से अलग कर दिया गया और सुरक्षा के मद्देनजर ‘ओवरहेड’ तार से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। कुमार ने बताया कि इसके बाद आग पर काबू पा लिया गया। कोटा मंडल के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि सभी यात्रियों को ट्रेन से उतार लिया गया और इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

 

 

अधिकारी ने बताया कि यात्रियों को राजस्थान के कोटा तक की यात्रा के लिए दूसरे डिब्बे में बैठाने की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन के पूर्वाह्न करीब 11 बजे कोटा स्टेशन पहुंचने की उम्मीद है जहां एक अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा ताकि सभी यात्री सुविधाजनक तरीके से सफर कर सकें। रतलाम के मंडल रेल प्रबंधक मौके पर पहुंच गए हैं और दुर्घटना राहत ट्रेन भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights