प्रयागराज में जारी माघ मेले में शुक्रवार को बसंत पंचमी स्नान पर्व पर सुबह आठ बजे तक एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई। प्रयागराज मेला प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि कल देर रात से ही लोगों का संगम क्षेत्र में आगमन जारी है और आज बसंत पंचमी पर सुबह आठ बजे तक 1.04 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई।

‘बसंत पंचमी स्नान का विशेष महत्व है’
तीर्थ पुरोहित राजेंद्र मिश्रा ने कहा, ‘‘चूंकि प्रयागराज में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती का वास है, इसलिए यहां बसंत पंचमी स्नान का विशेष महत्व है। बसंत पंचमी पर पीला वस्त्र धारण करने, पीली वस्तुओं का दान करने और मां सरस्वती की पूजा का विधान है।” उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी के दिन से ही ऋतु परिवर्तन का एहसास जनमानस को होने लगता है और लोग गुलाल आदि लगाकर इसे उत्सव के रूप में मनाते हैं। 

सुरक्षा के पुख्ता इंतजार 
मंडल आयुक्त सौम्या अग्रवाल ने बताया कि माघ मेले के लिए 800 हेक्टेयर क्षेत्र को सात सेक्टर में बांटा गया है और पूरे क्षेत्र में 25,000 से अधिक शौचालय बनाए गए हैं व 3500 से अधिक सफाईकर्मी तैनात हैं। उन्होंने बताया कि छोटी अवधि का कल्पवास करने के इच्छुक लोगों के लिए माघ मेला में टेंट सिटी बनाई गई है जहां ध्यान और योग आदि की सुविधाएं मौजूद हैं। पुलिस अधीक्षक (माघ मेला) नीरज पांडेय ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए पूरे मेला क्षेत्र में 10,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights