नई दिल्ली, 14 मई । कलकत्ता उच्च न्यायालय में वकील के लिबास में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पेश होने के बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने पश्चिम बंगाल बार काउंसिल से उनके एनरॉलमेंट की जानकारी मांगी है। बीसीआई के प्रिंसिपल सेक्रेटरी सीमांतो सेन ने पश्चिम बंगाल बार काउंसिल के सेक्रेटरी को गुरुवार को पत्र लिखकर यह जानकारी मांगी है।
बीसीआई ने राज्य बार काउंसिल से ममता बनर्जी के बतौर वकील एनरॉलमेंट को लेकर स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। बीसीआई ने पत्र में कहा है कि उन्हें विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स से ये जानकारी मिली है कि आज ममता बनर्जी कलकत्ता उच्च न्यायालय में वकील के लिबास और गले में व्हाइट बैंड लगाकर पेश हुईं। पत्र में कहा गया है कि वकीलों के प्रोफेशनल व्यवहार बीसीआई के रुल्स के निर्देशित होते हैं। बीसीआई रुल्स के चौथे और छठे खंड में वकीलों को विभिन्न कोर्ट में पेश होने के लिए ड्रेस कोड का जिक्र किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि ममता बनर्जी साल 2011 से लेकर 2026 तक पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। ममता बनर्जी के संवैधानिक और सार्वजनिक पद पर रहने और वकील के रुप में अचानक पेश होने के बाद बीसीआई उनके एनरॉलमेंट के स्टेटस की जानकारी चाहता है। बीसीआई ने ममता बनर्जी का एनरॉलमेंट नंबर, एनरॉलमेंट की तिथि और क्या उनका एनरॉलमेंट अभी भी जारी है, इसकी जानकारी मांगी है। बीसीआई ने एनरॉलमेंट होने की स्थिति में उससे संबंधित शैक्षणिक दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां भी उपलब्ध कराने को कहा है।
