उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में ईद की नमाज के बाद बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने वयस्कों के दो समूहों के बीच हिंसक झड़प का रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह घटना कोसीकलां थाना क्षेत्र के नगला मेव गांव में हुई। थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया कि आशु और नवाब नामक दो व्यक्तियों के बच्चे मस्जिद में नमाज अदा करने के बाद घर लौट रहे थे, तभी किसी बात को लेकर उनकी इदरिस के बच्चों से कहासुनी हो गई। उन्होंने बताया कि घर पहुंचने पर बच्चों ने कथित मारपीट की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।

थाना प्रभारी के अनुसार, शुरुआती कहासुनी जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठियों से हमला कर दिया। कुछ ग्रामीणों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की। इस दौरान नवाब (35) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights