राजधानी दिल्ली एक बार फिर दिल दहला देने वाले अपराध की गवाह बनी है। रविवार सुबह एक होटल के कमरे में एक महिला की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मामला शुरू में सामान्य लग रहा था—एक जोड़ा होटल में ठहरता है, खाना ऑर्डर करता है—लेकिन सुबह होते-होते पूरा नज़ारा खून से रंगा हुआ था। 29 वर्षीय महिला का शव बाथरूम में मिला और प्रेमी मौके से फरार हो गया।

होटल में रात गुज़ारी, सुबह मिली लाश

यह पूरी घटना दिल्ली के पहाड़गंज इलाके के नबी करीम क्षेत्र स्थित एक होटल की है। शनिवार शाम करीब 4:15 बजे एक जोड़ा होटल में चेक-इन करता है। होटल स्टाफ के अनुसार, दोनों ने पिज़्ज़ा और लस्सी ऑर्डर की थी, जो शाम को उनके कमरे में पहुंचाई गई। अगले दिन सुबह जब होटल के स्टाफ ने कमरा चेक किया, तो महिला की लाश बाथरूम में पड़ी थी, और पुरुष साथी गायब था।

होटल स्टाफ की सूचना से खुला राज

रविवार सुबह 9:47 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को होटल से फोन आया। सूचना देने वाले ने बताया कि महिला मृत अवस्था में मिली है और उसका साथी होटल से गायब है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे की हालत और महिला के शरीर पर मिले निशानों ने पुलिस को बताया कि ये कोई सामान्य मौत नहीं, बल्कि हत्या का मामला है।

प्रेमी ने गला दबाकर की हत्या

क्राइम टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा किए, जिसमें कमरे में मिला ड्रॉस्ट्रिंग (डोरी) और महिला के गले के निशान अहम थे। डीसीपी सेंट्रल दिल्ली निधिन वालसन ने बताया कि महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या गला दबाकर की गई है। पोस्टमॉर्टम के लिए शव भेज दिया गया है।

दो घंटे में गिरफ्त में आया आरोपी

पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले तो पता चला कि सुबह आरोपी अकेले होटल से निकलता दिखाई दिया। कुछ ही घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी सचिन (31 वर्ष) को दबोच लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल किया और बताया कि वह मृतका सारिका (29 वर्ष) के साथ रिश्ते में था। लेकिन उसे शक था कि सारिका का किसी और से भी संबंध है। इसी शक के चलते दोनों के बीच बहस हुई और गुस्से में आकर सचिन ने सारिका की हत्या कर दी। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights