उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य की पवित्र भूमि ने दुनिया को सत्य, शांति और मानवता के कल्याण का संदेश दिया है। पूर्व मुख्यमंत्रियों अखिलेश यादव और मायावती ने भी इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”उत्तर प्रदेश की दिव्य धरा से ही भगवान बुद्ध ने संपूर्ण विश्व को सत्य, शांति और मानवता के कल्याण का संदेश दिया था।” मुख्यमंत्री ने कहा, ”आइए, उनके द्वारा दिखाए गए विश्व-बंधुत्व और सह-अस्तित्व के पथ का अनुगमन करते हुए उनके विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करें।”

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने भी गौतम बुद्ध को श्रद्धांजलि दी। मायावती ने ‘एक्स’ पर ‘पोस्ट’ साझा करते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा और मानवता की बुद्ध की शिक्षाओं ने भारत को वैश्विक पहचान एवं सम्मान दिलाया। उन्होंने लोगों के जीवन में शांति, सद्भाव और समृद्धि की कामना की। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों के जीवन को सुखी और समृद्ध बनाने के लिए बुद्ध के दिखाए मार्ग पर ईमानदारी से चलना ही सच्चा ”राजधर्म” है। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव है, जब सरकारों की कथनी और करनी में कोई अंतर न हो।

बसपा नेता ने कहा कि सरकारों को सभी धर्मों के लोगों के जीवन, संपत्ति और धार्मिक स्वतंत्रता की सुरक्षा की गारंटी देनी चाहिए और यही बुद्ध को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। ”अप्प दीपो भव” यानी स्वयं अपना प्रकाश बनने के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश को आत्मनिर्भर और महान बनाने के लिए शिक्षा और आत्म-उत्थान जरूरी है। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख यादव ने भी ‘एक्स’ पर भगवान बुद्ध की तस्वीर साझा की और इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights