नई दिल्ली । नेपाल सरकार ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग और इसके कारण समाज में फैल रही नकारात्मक प्रवृत्तियों पर रोक लगाने के लिए कड़ा फैसला लिया है। सरकार ने फेसबुक, टिकटॉक और इंस्टाग्राम जैसी लोकप्रिय सोशल नेटवर्किंग साइट्स को बंद करने का आदेश जारी किया है। सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी मंत्रालय के मुताबिक, इन प्लेटफॉर्म्स पर लगातार फेक न्यूज़, अफवाहें और अश्लील सामग्री फैलने से सामाजिक सद्भाव और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा था।

सरकार का कहना है कि यह कदम समाज को सुरक्षित बनाने और ऑनलाइन वातावरण को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है। नेपाल के दूरसंचार विभाग ने इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को तुरंत इन ऐप्स की सेवाएं बंद करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल यह रोक अस्थायी बताई जा रही है, लेकिन सरकार ने साफ किया है कि यदि सोशल मीडिया कंपनियां नियमों और कानूनों का पालन नहीं करतीं, तो यह प्रतिबंध लंबा भी हो सकता है।

नेपाल सरकार का यह कदम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। कुछ लोग इसे डिजिटल स्वतंत्रता पर हमला मान रहे हैं, तो वहीं एक बड़ा वर्ग सरकार के इस कदम को सही ठहरा रहा है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर बढ़ते फेक कंटेंट, हिंसक वीडियो और भड़काऊ पोस्ट से समाज में नकारात्मक असर पड़ रहा था।

नेपाल सरकार ने यह भी संकेत दिया है कि भविष्य में वह नियंत्रित और सुरक्षित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के उपयोग की दिशा में काम कर सकती है, ताकि लोगों को अभिव्यक्ति की आज़ादी भी मिले और समाज पर बुरा असर भी न पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights