उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम सामने आया जब पूर्व डीआईजी राम शरत राम ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस मौके पर प्रगतिशील शिक्षक संघ के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी सपा में शामिल हुए। कार्यक्रम में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन आज आम जनता लगातार बढ़ती कीमतों से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुनाफाखोरी और भ्रष्टाचार के कारण महंगाई बढ़ रही है और सरकार इस पर नियंत्रण करने में विफल रही है।

सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार वाहनों पर 60 से 70 प्रतिशत तक टैक्स वसूल रही है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा सत्ता में रहेगी, तब तक महंगाई से राहत मिलना मुश्किल है। उन्होंने नारा देते हुए कहा, “जब जाएंगे भाजपाई, तभी घटेगी महंगाई। इस दौरान सपा नेता रवि राठौर ने टैक्सी यूनियन से जुड़े लोगों की समस्याएं भी मंच से रखीं। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा मजदूरों, कर्मचारियों और आम जनता के मुद्दों को उठाती रही है।

भाजपा के ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के मुद्दे पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि होली के अवसर पर भाजपा ने “वन हलवाई, वन मिठाई” बांटने का काम किया है। उन्होंने इसे जनता के साथ मजाक बताते हुए कहा कि सरकार को महंगाई और बेरोजगारी जैसे असली मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights