जनपद के दातागंज नगर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पत्नी की बेवफाई और मानसिक सदमे से पीड़ित एक नवविवाहित युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय रमेश की शादी महज डेढ़ महीने पहले 22 अप्रैल 2025 को अलापुर थाना क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ हफ्तों बाद ही रमेश की जिंदगी में अंधेरा छा गया।

घंटों मोबाइल फोन पर प्रेमी से करती थी बात 
परिजनों के अनुसार, विवाह के कुछ ही दिनों बाद रमेश की पत्नी घंटों मोबाइल फोन पर बात करने लगी और पूछने पर मायके में बात करने का बहाना बनाती थी। इस बीच जब रमेश मजदूरी के लिए पंजाब गया, तो उसके पीछे पत्नी ने अपने प्रेमी को घर बुलाना शुरू कर दिया।

नशीला पदार्थ खिलाकर भागी पत्नी, जेवर और नकदी भी ले गई
10 जून की रात को महिला ने परिवार के अन्य सदस्यों को नशे की हालत में छोड़कर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। वह जाते समय ₹27,000 की नकदी और करीब ₹2 लाख के जेवरात भी साथ ले गई। जब रमेश को इसकी जानकारी मिली तो वह तुरंत पंजाब से लौट आया।

पुलिस से मिला अपमान, बढ़ा मानसिक तनाव
11 जून को रमेश ने पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली का रुख किया, लेकिन परिवारजनों का आरोप है कि पुलिस ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और अपमानित कर थाने से भगा दिया। यह घटना रमेश के मानसिक आघात को और गहरा कर गई।

ससुराल पक्ष ने भी दी धमकियां
परिजनों ने बताया कि रिपोर्ट देने की जानकारी मिलने पर रमेश को ससुराल पक्ष से भी धमकियां मिलने लगीं। उल्टा उसे ही बदनाम करने की धमकी दी गई। इन हालातों में रमेश ने न तो घर वापसी की और न ही खाना-पीना लिया। वह गांव के एक कोने में गुमसुम रहने लगा।

मानसिक आघात से हुई मौत, पुलिस को नहीं दी गई सूचना
सात दिनों तक अवसाद और वियोग से जूझने के बाद सोमवार दोपहर रमेश की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। इस पर इंस्पेक्टर दातागंज गौरव बिश्नोई का कहना है कि युवक की मौत की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई थी, और न ही थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस को जानकारी मिलती तो आवश्यक कार्रवाई की जाती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights